पेट दर्द आज, अल्ट्रासाउंड 2 महीने बाद…बरेली जिला अस्पताल में ये क्या हो रहा है?

बरेली जिला अस्पताल में अगर मरीजों को आज पेट दर्द कि शिकायत है और उन्हें जांच करानी है तो दो महीनों का इंतजार करना पड़ेगा. यहां अल्ट्रासाउंड के लिए मरीजों को 2 महीने का बाद का नंबर दिया जा रहा है. दरअसल, जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की दो मशीनें हैं. इनमें से एक मशीन पिछले करीब एक महीने से खराब पड़ी है.इसके चलते पूरे अस्पताल का भार एक ही मशीन पर आ गया है.

बरेली जिला अस्पताल Image Credit:

बरेली के जिला अस्पताल में मरीजों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है.हालत यह है कि पेट दर्द और दूसरी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे मरीजों को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए दो-दो महीने बाद की तारीख दी जा रही है. इससे मरीजों और उनके परिजनों में नाराजगी है.

दो मशीनों में से एक मशीन खराब

जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की दो मशीनें हैं. इनमें से एक मशीन पिछले करीब एक महीने से खराब पड़ी है.इसके चलते पूरे अस्पताल का भार एक ही मशीन पर आ गया है.मरीजों की संख्या ज्यादा होने के कारण जांच की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है और लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है.

2 महीने के बाद की मिल रही तारीख

स्थिति यह है कि ओपीडी में आने वाले सामान्य मरीजों को जुलाई के आखिर तक की तारीखें दी जा चुकी हैं.जिन मरीजों को तुरंत जांच की जरूरत है, वे मजबूरी में निजी केंद्रों का रुख कर रहे हैं.अस्पताल में मुफ्त जांच की उम्मीद लेकर आने वाले गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को अब अपनी जेब ढीली करनी पड़ रही है.

मरीजों को निजी जांच केंद्रों का लेना पड़ रहा सहारा

निजी जांच केंद्रों पर अल्ट्रासाउंड कराने के लिए 800 से 1000 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं.ऐसे में आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है.कई मरीजों का कहना है कि बीमारी और दर्द इंतजार नहीं करते, इसलिए उन्हें बाहर जांच करानी पड़ रही है.

इमरजेंसी मरीजों को ही प्राथमिकता दे रहा अस्पताल

वहीं अस्पताल में सिर्फ इमरजेंसी और गंभीर मरीजों की जांच को प्राथमिकता दी जा रही है.एक ही मशीन पर लगातार बढ़ते दबाव के चलते मरीजों की लाइनें लंबी होती जा रही हैं.दूसरी ओर एक्स-रे कक्ष के बाहर भी मरीजों और तीमारदारों की भीड़ देखने को मिल रही है.बैठने की पर्याप्त व्यवस्था न होने से बुजुर्ग और बीमार मरीज गर्मी में जमीन पर बैठने को मजबूर हैं.

15 जून तक खराब मशीन ठीक होने की उम्मीद

जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड करने वाले डॉक्टर राजकुमार ने बताया कि अस्पताल में मौजूद दो मशीनों में से एक करीब एक महीने से खराब है.फिलहाल एक ही मशीन से काम चलाया जा रहा है.उन्होंने बताया कि अभी केवल इमरजेंसी और गंभीर मरीजों के अल्ट्रासाउंड किए जा रहे हैं, जबकि सामान्य मरीजों को तारीख दी जा रही है.उम्मीद है कि 15 जून तक खराब मशीन ठीक हो जाएगी, जिसके बाद दोनों मशीनों से काम शुरू होने पर मरीजों को राहत मिल सकेगी.अभी एक मशीन होने की वजह से उस पर काफी ज्यादा लोड पड़ रहा है.

Follow Us