यूपी के एक जिले में 350 सड़कों का निर्माण लटका, अमेरिका-ईरान युद्ध कैसे बना वजह!
ईरान-अमेरिका युद्ध के चलते गोरखपुर में भी लोक निर्माण विभाग के चार खंडों में ही करीब 350 सड़कों का काम अटका हुआ है.लगातार शिकायतें मिलने के बाद भी समाधान नहीं हो रहा है. ठेकेदारों ने अपने हाथ खड़े कर दिए हैं.
ईरान-अमेरिका युद्ध के चलते सड़कों पर उपजे तनाव के चलते उत्तर प्रदेश में सड़क निर्माण कार्य ठप हो गया है. ठेकेदारों ने हाथ खड़े कर दिए हैं. यह सुनकर आप हैरान हो जाएंगे. पूछेंगे कि भला ईरान-अमेरिका युद्ध का सड़कों से क्या वास्ता. लेकिन वास्ता है. कच्चे तेल की कीमतों में इजाफा होने के चलते यह स्थिति आई. गोरखपुर में भी लोक निर्माण विभाग के चार खंडों में ही करीब 350 सड़कों का काम अटका हुआ है.
तारकोल, इमल्शन और एलडीओ में भी बढ़ोतरी
ईरान-अमेरिका के बीच युद्ध के बाद से ही बिटुमिन (तारकोल), इमल्शन एवं एलडीओ में लगातार इजाफा हो रहा है. इनमें 100 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है. ब्लैक बिटुमिन 44,000 से बढ़कर 83,000 रुपये प्रति एमटी हो गया है. इमल्शन भी 44000 रुपये से बढ़कर 65000 रुपये में बिक रहा है. ऐसे में ठेकेदारों के सामने मुश्किल ये खड़ी हो गई है कि वह सड़क का निर्माण कराए या घाटा सहे.
ठेकेदार संघ ने मुख्य अभियंता को लिखा पत्र
हालांकि, लोक निर्माण अधिकारी ठेकेदारों पर अनुबंध की शर्तों पर सड़कों का निर्माण कराने का दबाव डाल रहे हैं. लेकिन घाटे को देखते हुए ठेकेदारों ने हाथ खड़े कर दिए हैं. ठेकेदार अब मांग कर रहे हैं कि बढ़ी हुई कीमतों के तहत फिर से सड़क निर्माण में दरों को निर्धारित किया जाए. इसको लेकर लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार संघ ने मुख्य अभियंता को पत्र लिखकर अपनी मजबूरियां गिनाई हैं.
ठेकेदारों का क्या है कहना?
उत्तर प्रदेश ठेकेदार कल्याण समिति के अध्यक्ष शरद सिंह ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि तारकोल की कीमत दोगुनी हो चुकी है. हमें भारी नुकसान हो रहा है. इस वजह से काम ठप हो गया है. हमनें शासन से इसको लेकर सहयोग मांगा है. दरों का निर्धारण होने पर ही काम शुरू हो पाएगा. प्रमुख लोक सचिव से हमने इसको लेकर बात भी की है.