पत्नी पर सीनियर से अफेयर और मलेशिया टूर का आरोप, पति का अलग चक्कर; बरेली डॉक्टर दंपती विवाद में FIR
बरेली में डॉक्टर दंपति का वैवाहिक विवाद थाने पहुंच गया है. पत्नी ने पति पर दूसरी शादी रचाने और दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है. जबकि पति ने आरोपों को नकारते हुए पत्नी पर सीनियर डॉक्टर से अफेयर और मलेशिया टूर का दावा किया है. पुलिस में FIR दर्ज कर ली है.
बरेली में एक डॉक्टर दंपती के बीच लंबे समय से चल रहा वैवाहिक विवाद अब थाने तक पहुंच गया है. पत्नी की शिकायत पर प्रेमनगर पुलिस ने डॉक्टर पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. महिला डॉक्टर ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मानसिक उत्पीड़न और पति पर बिना तलाक दूसरी महिला के साथ रहने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं.
वहीं, डॉक्टर पति ने अपनी पत्नी के आरोपों को गलत बताते हुए अपनी ओर से भी संगीन आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि पत्नी के एक सीनियर डॉक्टर से संबंध थे और वह उनके साथ मलेशिया भी गई थीं. फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी.
2010 में हुई थी शादी, बच्चे के बाद बढ़ा विवाद
मेगा मेंशन कॉलोनी निवासी डॉ. खुशबू शर्मा के मुताबिक, उनकी शादी दिसंबर 2010 में नैनीताल रोड स्थित नंदी हाइट्स निवासी डॉ. कमल नयन गांगेय से हुई थी. महिला डॉक्टर का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल में दहेज को लेकर उन्हें परेशान किया जाने लगा. साल 2017 में बच्चे के जन्म के बाद पति-पत्नी के रिश्तों में और दूरी बढ़ गई.
डॉ. खुशबू का आरोप है कि बच्चे के जन्म के बाद पति ने धीरे-धीरे उनसे दूरी बनानी शुरू कर दी और कई बार तलाक लेने का दबाव भी बनाया. उनका कहना है कि उन्होंने वैवाहिक रिश्ते को बचाने की कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद विवाद लगातार बढ़ता गया.
दूसरी महिला के साथ लिव-इन में रहने का आरोप
महिला डॉक्टर के मुताबिक, दो अगस्त को उन्हें जानकारी मिली कि उनके पति ने तलाक हुए बिना दूसरी महिला से शादी कर ली है. यह भी पता चला कि वह महिला गर्भवती है. जानकारी मिलने के बाद डॉ. खुशबू पुलिस को साथ लेकर पति के अपार्टमेंट पहुंचीं. उनका दावा है कि वहां दूसरी महिला पति के साथ मौजूद थी. मौके पर फोटो और वीडियो भी बनाए गए.
इसी दौरान पति, उनकी मां और दूसरी महिला के साथ विवाद होने की बात भी सामने आई. इसके बाद महिला डॉक्टर ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की. शिकायत के आधार पर प्रेमनगर थाने में डॉक्टर पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.
पति ने भी अपना पत्नी पर लगाए कई संगीन आरोप
मामले में डॉ. कमल नयन गांगेय का पक्ष भी सामने आया है. उन्होंने पत्नी की ओर से लगाए गए दूसरी शादी के आरोप को गलत बताया है. हालांकि उन्होंने दूसरी महिला के साथ लिव-इन रिलेशन में रहने की बात स्वीकार की है. पति का आरोप है कि उनकी पत्नी के अपने एक सीनियर डॉक्टर से संबंध थे और वह उनके साथ मलेशिया भी गई थीं.
उनका कहना है कि इन घटनाओं के बाद दोनों के बीच विवाद लगातार बढ़ता गया. डॉ. कमल नयन के मुताबिक उन्होंने साल 2024 में तलाक के लिए अदालत में मुकदमा दाखिल किया था, लेकिन पत्नी की ओर से मामला आगे नहीं बढ़ने दिया जा रहा है. थाना प्रेमनगर थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली है, पूरे मामले की जांच जारी है.
