लखनऊ में सड़क पर उतरे Gen Alpha, स्कूल की बदहाली पर लगाया जाम; मंत्री फंसे

लखनऊ में जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, पारा के छात्रों ने स्कूल की अव्यवस्थाओं को लेकर सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और बुद्धेश्वर चौराहे से आगरा एक्सप्रेसवे जाने वाले मार्ग पर जाम लगा दिया. प्रदर्शन के कारण समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण का काफिला भी जाम में फंस गया. मंत्री गाड़ी से उतरकर छात्रों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं. छात्रों ने स्कूल में शिक्षकों की कमी, भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर शिकायत की.

लखनऊ में प्रदर्शन करते छात्र

दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवाओं यानी Gen-Z के प्रदर्शन के बाद अब इसका असर बच्चों तक भी पहुंचता दिखाई दे रहा है. लखनऊ में Gen Alpha यानी नई पीढ़ी के स्कूली बच्चे अपनी समस्याओं को लेकर सड़क पर उतर आए. स्कूल ड्रेस में पहुंचे बच्चों ने न सिर्फ प्रदर्शन किया, बल्कि व्यस्त मार्ग को घेरकर जाम भी लगा दिया.

लखनऊ के बुद्धेश्वर चौराहे से आगरा एक्सप्रेसवे जाने वाले मार्ग पर स्थित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, पारा के छात्रों ने शुक्रवार को स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर प्रदर्शन शुरू किया. बड़ी संख्या में छात्र बुद्धेश्वर पेट्रोल पंप के सामने सड़क पर उतर आए और नारेबाजी करते हुए मार्ग को घेर लिया. छात्रों के प्रदर्शन के चलते देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. इसी जाम में समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण का काफिला भी फंस गया.

जाम में फंसे मंत्री, गाड़ी से उतरकर बच्चों के बीच पहुंचे

मंत्री असीम अरुण कन्नौज जा रहे थे. प्रदर्शन के कारण उनका काफिला भी जाम में फंस गया. जब उन्हें पता चला कि स्कूल के छात्र अपनी समस्याओं को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं तो वह अपनी गाड़ी से उतरकर सीधे बच्चों के बीच पहुंच गए. मंत्री ने छात्रों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं. उनके साथ समाज कल्याण विभाग के सचिव आईएएस अनुराग यादव भी मौजूद रहे. दोनों अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उन्हें समझाने की कोशिश की.

शिक्षकों की कमी से सबसे ज्यादा नाराज छात्र

हालांकि शुरुआत में पुलिस के समझाने के बावजूद छात्र सड़क से हटने को तैयार नहीं थे. छात्रों का कहना था कि उनकी समस्याओं को पहले भी स्कूल स्तर पर बताया गया, लेकिन समाधान नहीं हुआ. प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने मंत्री को बताया कि विद्यालय में पर्याप्त शिक्षक नहीं हैं. शिक्षकों की कमी के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है और उन्हें कई विषयों की पढ़ाई में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. छात्रों ने सिर्फ शिक्षकों की कमी की शिकायत नहीं की.

छात्रों ने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और स्कूल की अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की. छात्रों का कहना था कि इन समस्याओं को लेकर कई बार स्कूल प्रशासन को जानकारी दी गई, लेकिन उनकी शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद उन्हें सड़क पर उतरकर अपनी बात रखने के लिए मजबूर होना पड़ा.

बच्चों को लेकर मंत्री पहुंचे स्कूल

मंत्री असीम अरुण ने छात्रों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और उन्हें जल्द समाधान का भरोसा दिया. इसके बाद मंत्री खुद छात्रों के साथ विद्यालय पहुंचे. स्कूल में भी उन्होंने विद्यार्थियों के साथ बातचीत की और उनकी समस्याओं को विस्तार से समझा. उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विद्यालय की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.

पुलिस के समझाने पर नहीं माने, मंत्री के संवाद से खुला जाम

छात्रों के प्रदर्शन के बाद पारा पुलिस मौके पर पहुंची थी. पुलिस ने छात्रों को समझाने और यातायात बहाल कराने का प्रयास किया, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर डटे रहे. प्रदर्शन के कारण बुद्धेश्वर चौराहे से आगरा एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले व्यस्त मार्ग पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहाय दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. मंत्री के मौके पर पहुंचने और छात्रों से सीधे संवाद करने के बाद स्थिति बदली. बातचीत के बाद छात्रों ने प्रदर्शन खत्म कर दिया.

Follow Us