सिपाही के घर में चली सरकारी रायफल, गर्दन में गोली लगने से पत्नी की मौत; पति हिरासत में
सहारनपुर में सिपाही की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई. गोली पति की सरकारी रायफल से चली. घटना के समय सिपाही घर में मौजूद था, पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है. पुलिस घरेलू कलह को घटना की वजह मान रही है और जांच में जुटी है.
सहारनपुर के सदर बाजार थाना क्षेत्र के हकीकत नगर में शुक्रवार को सिपाही की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई. महिला के शरीर पर गोली के निशान मिले हैं. गोली सिपाही की सरकारी रायफल से चली है. घटना के समय सिपाही टिंकू सिंह भी घर में मौजूद था. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान सविता के रूप में हुई है. उनके पति टिंकू सिंह पुलिस विभाग में सिपाही हैं और वर्तमान में पुलिस लाइन से अटैच बताए जा रहे हैं. सिपाही अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ हकीकत नगर स्थित किराए के मकान में रह रहा था. पुलिस पता लगा रही है कि गोली कैसे चली, महिला ने खुद को गोली मारी या हत्या है.
DIG-SSP ने भी घटनास्थल का लिया जायाजा
पुलिस के मुताबिक, घटना शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है. सूचना मिलते ही सदर बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घर की तलाशी और शुरुआती जांच में सामने आया कि गोली सिपाही की सरकारी रायफल से चली थी. कुछ ही देर में DIG अभिषेक सिंह और SSP अभिनंदन सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे, फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए.
मौके पर पहुंचे DIG अभिषेक सिंह ने बताया कि पुलिस को घर में महिला का शव होने की सूचना मिली थी. सिपाही टिंकू सिंह की सरकारी रायफल से गोली चली है. महिला के परिजनों से बातचीत में सामने आया है कि दोनों के बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा था. इसी को देखते हुए पुलिस घरेलू विवाद समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
हत्या, आत्महत्या या हादसा? जांच में जुटी पुलिस
शुरूआती जांच में महिला के गर्दन पर गोली लगी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि सविता ने खुद रायफल से गोली मारी या फिर सिपाही ने अपनी पत्नी को गोली मारी. घटना के समय सिपाही टिंकू सिंह भी घर में मौजूद था. पुलिस यह भी जांच रही है कि गोली चलने से ठीक पहले पति-पत्नी के बीच क्या हुआ था.
फिलहाल घटना की परिस्थितियां संदिग्ध बनी हुई हैं. पुलिस ने सिपाही को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई.
