20 दिन का अल्टीमेटम! बरेली में 29 करोड़ का कन्वेंशन सेंटर बना रही फर्म पर ब्लैकलिस्टिंग की तलवार

रामगंगानगर योजना के सेक्टर-8 में करीब 29 करोड़ रुपये की लागत से इस आधुनिक कन्वेंशन सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है. यह परियोजना वर्ष 2022 में शुरू हुई थी और इसे जून 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था. हालांकि निर्माण एजेंसी की धीमी कार्यशैली और समय पर काम पूरा न करने के कारण परियोजना लगातार पिछड़ती चली गई. अब एजेंसी को 20 दिन का अल्टीमेटम दिया गया है.

बरेली विकास प्राधिकरण (फाइल फोटो) Image Credit:

बरेली में रामगंगानगर आवासीय योजना में बन रहे बहुप्रतीक्षित कन्वेंशन सेंटर के निर्माण कार्य में लगातार हो रही देरी को लेकर बीडीए ने अब सख्त रुख अपना लिया है. लंबे समय से निर्माण कार्य पूरा न होने पर बीडीए ने कार्यदायी संस्था सत्य साईं बिल्डर्स एंड कांट्रैक्टर को 20 दिन का अंतिम अल्टीमेटम दिया है. यदि इस अवधि में निर्माण कार्य में बीडीए को अपने मुताबिर प्रगति नहीं दिखाई देती है तो फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी.

बीडीए अधिकारियों का कहना है कि रामगंगानगर योजना के सेक्टर-8 में करीब 29 करोड़ रुपये की लागत से इस आधुनिक कन्वेंशन सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है. यह परियोजना वर्ष 2022 में शुरू हुई थी और इसे जून 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था. हालांकि निर्माण एजेंसी की धीमी कार्यशैली और समय पर काम पूरा न करने के कारण परियोजना लगातार पिछड़ती चली गई.

आठ बार बढ़ चुकी समय सीमा

बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. ए. मनिकंडन ने बताया कि निर्माण कार्य की रफ्तार बेहद धीमी रहने के कारण अब तक आठ बार समय सीमा बढ़ानी पड़ चुकी है. पहले जून 2025 तक काम पूरा होना था, लेकिन बाद में कई बार नई तारीखें तय की गईं. अंतिम रूप से जनवरी 2026 तक निर्माण पूरा करने का मौका दिया गया था, मगर इसके बावजूद परियोजना अभी अधूरी है.

उन्होंने कहा कि प्राधिकरण पहले भी संबंधित फर्म के खिलाफ डिबार करने की कार्रवाई कर चुका है. इसके बाद भी स्थिति में कोई विशेष सुधार नहीं आया. अब एजेंसी को साफ तौर पर 20 दिन का समय दिया गया है. यदि इस दौरान निर्माण कार्य में तेजी नहीं दिखाई गई तो ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.

बीडीए का मानना है कि इस महत्वपूर्ण परियोजना में लगातार देरी से न केवल सरकारी योजनाओं की छवि प्रभावित हो रही है बल्कि आम लोगों को भी इसका लाभ समय पर नहीं मिल पा रहा है. इसलिए अब किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा कन्वेंशन सेंटर

रामगंगानगर में बन रहा यह कन्वेंशन सेंटर शहर की बड़ी और आधुनिक परियोजनाओं में शामिल है. इसके तैयार होने के बाद यहां कई प्रकार के सामाजिक, सांस्कृतिक और सरकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे. परियोजना के तहत अत्याधुनिक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है. भवन में लगभग 200 लोगों की क्षमता वाला आधुनिक ऑडिटोरियम बनाया जा रहा है. इसके अलावा तैराकी के लिए स्वीमिंग पूल, मेहमानों के ठहरने हेतु 20 वीआईपी कमरे, बड़ा लॉन और आधुनिक किचन की व्यवस्था भी होगी.

वाहनों की पार्किंग को ध्यान में रखते हुए लगभग 300 गाड़ियों की क्षमता वाला पार्किंग क्षेत्र भी विकसित किया जा रहा है. बीडीए अधिकारियों का कहना है कि यह केंद्र तैयार होने के बाद रामगंगानगर और आसपास के क्षेत्रों के विकास को नई गति देगा. फिलहाल, प्राधिकरण की नजर निर्माण कार्य की प्रगति पर बनी हुई है. अब देखना होगा कि सत्य साईं बिल्डर्स निर्धारित 20 दिन की अवधि में काम में तेजी लाकर परियोजना को आगे बढ़ा पाती है या फिर उसे ब्लैकलिस्ट होने जैसी सख्त कार्रवाई का सामना करना पड़ता है.

Follow Us