चलती ट्रेन से कूदने लगा पूरा परिवार, GRP-RPF ने दौड़कर बचाई 7 लोगों की जान, CCTV आया सामने

बरेली जंक्शन पर एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब TTE के डर से एक परिवार ने चलती ट्रेन से कूदने की कोशिश की. प्लेटफॉर्म पर मौजूद GRP-RPF जवानों ने दौड़कर 7 लोगों की जान बचा ली, जिनमें एक मासूम बच्ची भी शामिल थी. इस घटना का खौफनाक मंजर सीसीटीवी में भी कैद हुई है.

परिवार ने चलती ट्रेन से लगाई छलांग, GRP-RPF ने बचाया Image Credit:

बरेली जंक्शन पर गुरुवार को रेलवे सुरक्षा को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई. बिहार जाने के लिए निकला एक परिवार जल्दबाजी में जनरल टिकट लेकर रिजर्वेशन कोच में चढ़ गया. ट्रेन के चलने के बाद जब परिवार को टीटीई के चेकिंग करने की जानकारी हुई तो सभी घबरा गए. इसके बाद परिवार के सात लोगों ने चलती ट्रेन से कूदने की कोशिश शुरू कर दी.

जानकारी के मुताबिक, बरेली निवासी निरंजन अपने परिवार के सात सदस्यों के साथ बरेली जंक्शन पहुंचे थे. परिवार के पास जनरल टिकट था. इसी दौरान अवध आसाम ट्रेन स्टेशन पर पहुंची. जल्दबाजी में परिवार के लोग ट्रेन के रिजर्वेशन कोच में चढ़ गए. उन्हें उम्मीद थी कि किसी तरह ट्रेन में सफर कर लेंगे. लेकिन TTE से घबराकर चलती ट्रेन से कूदने लगे.

चलती ट्रेन से एक-एक कर कूदने लगे लोग

जानकारी के मुताबिक, ट्रेन बरेली जंक्शन से रवाना हो गई थी, कुछ देर बाद परिवार के लोगों को पता चला कि रिजर्वेशन कोच में टीटीई टिकटों की जांच कर रहे हैं. परिवार के लोग परेशान हो गए. उन्हें डर था कि जनरल टिकट होने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ेगा. इसी घबराहट से उन्होंने ट्रेन से उतरने का खतरनाक फैसला कर लिया.

ट्रेन चल रही थी और परिवार के सदस्य दरवाजे की तरफ पहुंच गए. इसके बाद कुछ लोग चलती ट्रेन से नीचे कूदने लगे, जिनमें एक मासूम बच्ची भी शामिल थी. प्लेटफॉर्म पर मौजूद जीआरपी और आरपीएफ के जवानों की नजर जैसे ही इस घटना पर पड़ी, उन्होंने तुरंत दौड़ लगा दी. जवानों ने कूद रहे लोगों को संभाला और उन्हें प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित किया.

CCTV कैमरे में कैद हुआ खौफनाक मंजर

बरेली जंक्शन पर हुई इस घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है. फुटेज में ट्रेन के चलने के दौरान परिवार के सदस्यों की अफरा-तफरी और चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश दिखाई दे रही है. घटना के दौरान कुछ लोग प्लेटफॉर्म पर गिरने की स्थिति में पहुंच गए थे. अगर सुरक्षा बलों ने समय पर उन्हें नहीं संभाला होता तो बड़ा हादसा हो सकता था.

वीडियो में प्लेटफॉर्म पर तैनात GRP और RPF जवान यात्रियों को बचाने के लिए तेजी से दौड़ते भी नजर आ रहे हैं. घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बलों ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी परिस्थिति में चलती ट्रेन से उतरने या चढ़ने की कोशिश न करें. किसी भी समस्या होने पर रेलवे स्टाफ से संपर्क करना चाहिए. घबराहट में ऐसा कदम जानलेवा साबित हो सकता है.

Follow Us