डरा-धमकाकर रेप, विरोध पर मारपीट भी करता था जीशान; PM रिपोर्ट में पुष्टि के बाद पुलिस ने किया ये हाल

उत्तर प्रदेश के बरेली में एक 11 वर्षीय छात्रा ने दुष्कर्म और मारपीट से तंग आकर आत्महत्या कर ली. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी जीशान उसे डरा-धमकाकर रेप करता था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और छोटी बहन के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी जीशान को गिरफ्तार कर लिया है. उस पर पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराएं लगाई गई हैं.

बरेली में नाबालिग से रेप का आरोपी अरेस्ट Image Credit:

उत्तर प्रदेश में बरेली पुलिस ने 11 साल की छात्रा के सुसाइड का खुलासा कर दिया है. पुलिस की जांच में साफ हो गया है कि उसे धरा धमकाकर रेप किया जा रहा था. विरोध करने पर उसके साथ बुरी तरह से मारपीट की जाती थी. मामले की जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी जीशान को अरेस्ट कर लिया है. बुधवार को पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.

पुलिस के मुताबिक मीरगंज थाना क्षेत्र में एक गांव की रहने वाली छात्रा ने हाल ही में सुसाइड कर लिया था. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो पता चला कि उसके साथ रेप किया गया था और बुरी तरह से मारपीट हुई थी. इस इनपुट के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की. इसी दौरान छात्रा की छोटी बहन के बयान पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की. फिर मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट किया है.

स्कूल आते-जाते हुई पहचान

पुलिस के मुताबिक छात्रा अपनी छोटी बहन के साथ रोज स्कूल जाती थी. इसी दौरान आरोपी जिशान से उसकी पहचान हुई. आरोपी जीशान अक्सर उसे रास्ते में रोककर बातचीत करता था और कभी-कभी रुपये भी देता था. फिर छोटी बहन को घर भेजकर छात्रा को अपने साथ लेकर चला जाता था. जहां उसके शरीर को नोंचता था. इस दौरान छात्रा विरोध करती तो उसके साथ मारपीट भी करता था.

सुसाइड वाले दिन भी किया था रेप

छात्रा की बहन ने पुलिस को बताया कि वारदात के दिन यानी 27 अप्रैल को भी आरोपी ने बीच रास्ते में उन्हें रोका था और फिर उसे घर भेजकर उसकी बहन को साथ ले गया था. फिर सूनसान स्थान पर उसकी बहन के साथ रेप किया. वहां से घर आने के बाद छात्रा अपने कमरे में गई और फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली. इस घटना के वक्त छात्रा के पिता दिल्ली में थे, जबकि मां और अन्य लोग किसी काम से बाहर गए थे.

आरोपी ने कबूला वारदात

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के साथ ही पुलिस ने रेप और सुसाइड के लिए मजबूर करने की धाराएं लगाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी थी. इसी बीच छात्रा की छोटी बहन का बयान और तकनीकी साक्ष्यों ने पुलिस के शक की पुष्टि कर दी. इसके बाद जब पुलिस ने आरोपी से तथ्यों के आधार पर पूछताछ की तो थोड़ी ही देर में वह टूट गया और पूरी वारदात कबूल ली. एसपी साउथ अंशिका वर्मा के मुताबिक आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में दुष्कर्म और मारपीट के अलावा पॉक्सो एक्ट, धमकी देने और आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराएं लगाई हैं.

Follow Us