बरेली में पुलिस टीम पर हमला, सिपाहियों को घेरकर बरसाए लाठी-डंडे; 4 आरोपी गिरफ्तार

बरेली में पुलिस टीम पर हमला हुआ. वारंट तामील कराने गए दो पुलिसकर्मियों को कुछ लोगों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा है. सूचना पर पहुंची अतिरिक्त पुलिस बल ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया. आरोपियों ने थाने में कान पकड़कर अपनी गलती मानते हुए माफी मांगी.

आरोपियों ने थाने में कान पकड़कर मांगी माफी Image Credit:

बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है. गांव जटौआ में वारंट तामील कराने पहुंचे दो पुलिसकर्मियों को कुछ लोगों ने घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि दोनों सिपाहियों को लात-घूंसों के साथ लाठी-डंडों से भी पीटा गया. पुलिसकर्मियों ने किसी तरह मौके से भागकर जान बचाई.

पुलिस के मुताबिक, मामला सोमवार शाम का है. चौकी धौंराटांडा पर तैनात हेड कांस्टेबल परमानंद सिंह और सिपाही अरुण कुमार वारंट तामील कराने के लिए जटौआ गांव गए थे. इसी दौरान गांव के पास तालाब में कुछ लोग मछलियां पकड़ रहे थे. वहां अशोक कुमार भी पिकअप लेकर पहुंच गया. तभी विवाद हुआ और मारपीट की घटना हुई.

पिकअप हटाने पर विवाद, सिपाही ने जड़ा थप्पड़

पुलिस के अनुसार, अशोक कुमार का वहां मौजूद लोगों से किसी बात को लेकर विवाद होने लगा. झगड़े की जानकारी मिलने पर दोनों पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और अशोक से पिकअप को सड़क से हटाने के लिए कहा. आरोप है कि अशोक ने पुलिसकर्मियों की बात नहीं मानी. इसी दौरान सिपाही ने उसे एक थप्पड़ मार दिया. इसके बाद मामला बिगड़ गया.

अशोक के परिवार और परिचितों को जब पुलिसकर्मियों से विवाद की जानकारी हुई तो कई लोग मौके पर पहुंच गए. आरोप है कि उन्होंने दोनों पुलिसकर्मियों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. पुलिसकर्मियों के साथ लात-घूंसों के अलावा लाठी-डंडों से भी मारपीट की गई. हालात बिगड़ते देखकर दोनों पुलिसकर्मियों ने वहां से भागकर जान बचाई.

चार गिरफ्तार, थाने में कान पकड़कर मांंगी माफी

वहीं, घटना की जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी गई. इसके बाद भोजीपुरा थाने से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू की. पुलिस ने इस मामले में अशोक कुमार, सूरज पाल, वेद प्रकाश और कामता प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, घटना में कुल छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है.

गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है, जबकि दो अन्य की तलाश की जा रही है. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का एक वीडियो भी जारी किया. इसमें चारों आरोपी थाने में कान पकड़कर माफी मांगते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में आरोपी अपनी गलती मानते हुए पुलिस से माफी मांग रहे हैं और दोबारा ऐसा नहीं करने की बात कह रहे हैं.

सीओ हाईवे देवेश सिंह के मुताबिक, पुलिसकर्मियों से मारपीट की सूचना के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है. उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us