भाजपा नेता हत्याकांड: मुठभेड़ में गिरफ्तार हुआ मुख्य आरोपी बाबू, पैर में लगी गोली

बरेली पुलिस ने भाजपा नेता सचिन कश्यप हत्याकांड के मुख्य आरोपी बाबू उर्फ रोहित को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है. पुलिस ने उसके पास से तमंचा और हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है.

मुख्य आरोपी बाबू मुठभेड़ में गिरफ्तार

भाजपा नेता सचिन कश्यप हत्याकांड में बरेली पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है. फरार चल रहे मुख्य आरोपी बाबू उर्फ रोहित को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है. घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है.

मुठभेड़ सोमवार देर रात सुभाषनगर थाना क्षेत्र के सराय तलफी रोड पर श्मशान घाट मंदिर के पास हुई. पुलिस को सूचना मिली थी कि मुख्य आरोपी बाबू उर्फ रोहित श्मशान घाट मंदिर की तरफ से सराय तलफी की ओर जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी. भाजपा नेता की रक्षाबंधन के दिन चाकू गोदकर हत्या की गई थी.

पुलिस को देखते ही भागने लगा आरोपी

पुलिस का दावा है कि टीम ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा. पुलिस के मुताबिक, पीछा किए जाने पर बाबू ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की. इसी दौरान पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी और वह घायल होकर जमीन पर गिर गया.

घायल होने के बाद पुलिस ने मौके से उसे गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस मिला. यही नहीं, पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया. मामले में सीओ नितिन कुमार की ओर से भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी गई.

रक्षाबंधन के दिन हुई थी भाजपा नेता की हत्या

वंशीनगला निवासी भाजपा नेता सचिन कश्यप की 29 अगस्त को मारपीट के बाद चाकू गोदकर हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद से ही परिवार आरोपी बाबू उर्फ रोहित समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा था. परिवार की ओर से आरोपियों के एनकाउंटर की मांग भी लगातार उठाई जा रही थी.

सचिन की पत्नी गुड़िया देवी ने सुभाषनगर थाने में तहरीर देकर बाबू उर्फ रोहित, अमित उर्फ भज्जी, बाबू की मां और आशीष मौर्य पर हमला करने का आरोप लगाया था. तहरीर के मुताबिक आरोपियों ने सचिन के साथ मारपीट की और इसी दौरान बाबू उर्फ रोहित ने चाकू से उनके सीने पर वार कर दिया. गंभीर रूप से घायल सचिन की मौत हो गई थी.

आशीष पहेल ही गिरफ्तार, पूछताछ में क्या बोला?

पुलिस इस मामले में सोमवार दिन में आरोपी आशीष मौर्य को भी गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है. अब मुख्य आरोपी बाबू उर्फ रोहित की गिरफ्तारी के बाद पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी है. पुलिस पुछताछ में गिरफ्तार आरोपी आशीष मौर्य ने बताया कि उसकी बाबू उर्फ रोहित से पहचान थी और दोनों साथ उठते-बैठते थे.

आशीष ने बताया कि 28 अगस्त की रात वह बाबू और अमित उर्फ भज्जी के साथ शराब पी रहा था. इसी दौरान सचिन कश्यप और बाबू के बीच बच्चों को बिगाड़ने और चोरी कराने की बात को लेकर विवाद हो गया. आशीष के अनुसार विवाद बढ़ने के बाद बाबू घर के अंदर गया, तब तक उसने अमित के साथ सचिन को पकड़कर खड़े रहा.

कुछ देर बाद बाबू चाकू लेकर आया और सचिन के सीने पर वार कर दिया. हमला होने के बाद सचिन जमीन पर गिर गए. आसपास के लोगों के पहुंचने पर तीनों आरोपी मौके से भाग निकले. अब पुलिस मुठभेड़ और अवैध हथियार बरामद होने के मामले में अलग मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. साथ ही फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.

Follow Us