‘गुस्से में प्रभु श्रीराम, 7 पीढ़ियों का महाविनाश’, सपा दफ्तर के बाहर लगे पोस्टर

लखनऊ में सपा कार्यालय के बाहर 'गुस्से में प्रभु श्रीराम' के विवादित पोस्टर लगे हैं. इन पोस्टरों में अयोध्या चंदा चोरी के आरोप में 'चढ़ावा चोरों' की सात पीढ़ियों के महाविनाश की चेतावनी दी गई है. समाजवादी पार्टी शुरू से ही इस मुद्दे को लेकर मुखर रही है, वहीं अब ये पोस्टर राजनीतिक हलकों में हड़कंप मचा रहे हैं. सोशल मीडिया पर भी ये खूब वायरल हो रहे हैं.

लखनऊ में लगे विवादित पोस्टर

राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी के कार्यालय के बाहर कुछ अजीब पोस्टर लगे हैं. इन सभी पोस्टर में भगवान श्रीराम को आक्रामक मुद्रा में दर्शाया गया है. वहीं सामने कुछ पंडे पुजारी की तरह दिखने वाले लोग जमीन पर बैठकर हाथ जोड़े दिख रहे हैं. इस पोस्टर में भगवान श्रीराम की ओर से लिखा गया है कि भगवान चढ़ावा चोरों की सात पीढ़ियों का महाविनास करेंगे.

पोस्टर में प्रभु श्रीराम की ओर से लिखा है कि ‘लुटेरों तथा उनके सहयोगियों का जो तन, मन, धन, वाणी, कर्म, आचार-विचार, या किसी भी रूप में साथ देने वालों को महाश्राप देता हूं. उनका सर्वनाश होगा तथा उनकी आने वाली सात पीढ़ियों तक महाविनाश निश्चित है.’ बताया जा रहा है कि अयोध्या में हुए चंदा चोरी को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ये विवादित पोस्टर लगावाए हैं.

शुरू से मुखर है सपा

बता दें कि अयोध्या में चढावा चोरी के मामले को लेकर समाजवादी पार्टी लगातार मुखर है. खुद पूर्व सीएम और सपा सुप्रीमो इस मुद्दे को लेकर कई बार प्रेस कांफ्रेंस कर चुके हैं. इसमें उन्होंने मंदिर प्रबंधन ही नहीं, प्रदेश और केंद्र सरकार को भी घेरने की कोशिश की थी. इस चढ़ावा चोरी के लिए बीजेपी को जिम्मेदार बताते हुए पोस्टर में लिखी बातें वह खुद कई बार प्रेस कांफ्रेंस में भी कह चुके हैं.

विवादित पोस्टर से हड़कंप

अब समाजवादी पार्टी के कार्यालय के बाहर लगे इस विवादित पोस्टर को लेकर हड़कंप मच गया है. इस पोस्टर की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया में खूब शेयर हो रही हैं. इसको लेकर लोग तरह तरह के कमेंट भी कर रहे हैं. उधर, राजनीतिक हलके में भी इस पोस्टर को लेकर तरह तरह की बातें कही जा रही हैं.

Follow Us