UP: प्रेमी संग जा रही युवती को परिजनों ने घेरा, पहले कार पर फायरिंग फिर किया अगवा
मुरादाबाद में अंतरधार्मिक प्रेम प्रसंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है. कचहरी से लौट रही युवती को उसके परिवारजनों ने तमंचे के बल पर प्रेमी के सामने कार से अगवा कर लिया. इस दौरान फायरिंग भी हुई. वहीं, पुलिस ने पिता सहित 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.
मुरादाबाद के मूंढापांडे थाना इलाके में बीती शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई. जहां प्रेमी के साथ जा रही युवती को कथित तौर पर उसके परिजनों और साथ आए लोगों ने सरेराह घेर लिया. आरोप है कि हमलावरों ने पहले प्रेमी की कार पर फायरिंग की, फिर कार में तोड़फोड़ और मारपीट करने के बाद युवती को तमंचे के बल पर जबरन अगवा कर लिया.
मामला मूंढापांडे थाना क्षेत्र के दलपतपुर-काशीपुर मार्ग पर भारत पेट्रोल पंप के पास का है. रामपुर के दढ़ियाल (भरतपुर) निवासी राजकुमार अपनी प्रेमिका नाजिया के साथ कचहरी से लौट रहे थे. दोनों लिव-इन रिलेशनशिप से संबंधित नोटरी दस्तावेज तैयार कराने के बाद स्वार थाने में बयान दर्ज कराने जा रहे थे. इसी दौरान हमला किया गया.
पहले कार पर चलाई गोली, फिर की तोड़फोड़
आरोप है कि10 से 15 अज्ञात कारों में सवार होकर आए हमलावरों ने ओवरटेक करके प्रेमी की कार को रोक दिया. फिर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी. फायरिंग में कार का शीशा टूट गया. इसके बाद आरोपियों ने कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी. विरोध करने पर राजकुमार और उसके साथी विवेक का गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की.
आरोप है कि हमलावरों ने युवती को भी जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद तमंचे के बल पर युवती को जबरन कार से बाहर खींचा और अपनी कार में बैठाकर वहां से फरार हो गए. वहीं, मामला दो अलग-अलग समुदायों से जुड़ा होने और पीड़ित के हिंदू संगठन से जुड़े होने के कारण थाने पर लोगों का हुजूम जमा हो गया था.
पिता और भाइयों समेत 15 के खिलाफ मुकदमा
घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मूंढापांडे थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर नाराज़गी ज़ाहिर की. पीड़ित प्रेमी राजकुमार की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया. साथ ही युवती की सकुशल बरामदगी का भरोसा दिया. इसके बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में घेराबंदी शुरू की दी है.
पुलिस ने तहरीर के आधार पर युवती के पिता तसलीम और उसके भाइयों दानिश और बिलाल, निवासी पट्टी कला घोसीपुरा, स्वार, रामपुर को नामजद किया है. इनके अलावा 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने अपहरण, जानलेवा हमला, बलवा और मारपीट की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.
