गौकशी से लूट तक… बरेली में ये तीन बड़े गैंग माफिया घोषित, 11 अपराधियों पर SSP का शिकंजा

बरेली SSP अनुराग आर्य के नेतृत्व में संगठित अपराध पर बड़ी कार्रवाई हुई है. गौकशी, नशा तस्करी और लूटपाट में लिप्त तीन गिरोहों को माफिया घोषित किया गया है, और उनके 11 सदस्यों को चिन्हित किया गया है. अब इन अपराधियों की आर्थिक नेटवर्क पर बुलडोजर चलाने की तैयारी में है.

बरेली पुलिस के रडार पर ये 11 अपराधी Image Credit:

बरेली में संगठित अपराध पर लगाम लगाने के लिए बरेली पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है. तीन अलग-अलग आपराधिक गिरोहों को जिला स्तरीय माफिया घोषित किया है. इन गिरोहों से जुड़े कुल 11 अपराधियों को चिन्हित किया गया है, ये सभी रडार पर हैं. पुलिस अब इनके आय के स्रोत, बैंक खातों, चल-अचल संपत्तियों और आर्थिक नेटवर्क की विस्तृत जांच करेगी.

SSP अनुराग आर्य ने बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत थाना फरीदपुर और थाना शाही पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर तीन गिरोहों को माफिया घोषित किया गया है. पुलिस के अनुसार ये गिरोह लंबे समय से संगठित तरीके से अपराध कर रहे थे. इनसे लोगों में डर का माहौल पैदा हो रहा था.

बरेली में ये तीन बड़े गिरोह माफिया घोषित

पुलिस के अनुसार, गौकशी, नशा तस्करी और लूटपाट में लिप्त तीन गिरोहों को माफिया घोषित किया गया है. फरीदपुर क्षेत्र के मेवासर्फापुर निवासी फातून पुत्र दौलत खां को गौकशी गिरोह का सरगना घोषित किया गया है. यह गिरोह लंबे समय से संगठित तरीके से अवैध कमाई कर रहा था. इस गिरोह में बेचे खां, तैय्यब उर्फ तोईयाब खां, याकूब खां और कासिम भी शामिल हैं.

इसी थाना क्षेत्र के मोहम्मद शेर खान पुत्र नवीशेर खान को मादक पदार्थों की तस्करी करने वाला माफिया घोषित किया गया है. इसके अलावा, थाना शाही क्षेत्र के दुनका निवासी नन्हू उर्फ नन्हे उर्फ लालताप्रसाद को लूटपाट करने वाले गिरोह का मुखिया माना गया है. इस गिरोह में गिरीश पाल उर्फ गुड्डू, धर्मेंद्र, चंद्र प्रकाश और राहुल के नाम शामिल हैं.

आने वाले दिनों में कार्रवाई और तेज होगी- SSP

SSP अनुराग आर्य ने निर्देश दिए हैं कि तीनों माफिया गिरोहों की चल-अचल संपत्तियों, बैंक खातों, निवेश और अन्य आर्थिक लेनदेन की विस्तृत जांच की जाए. यदि जांच में अपराध से अर्जित संपत्ति सामने आती है तो बुलडोजर की कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी. पुलिस का उद्देश्य अपराधियों को गिरफ्तार करना ही नहीं, बल्कि उनके आर्थिक तंत्र को खत्म करना है.

SSP ने कहा कि बरेली में गौकशी, नशा तस्करी, लूटपाट और अन्य संगठित अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है. आने वाले दिनों में ऐसे अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और तेज की जाएगी. पुलिस का साफ संदेश है कि जो भी कानून तोड़कर अपराध की दुनिया में कदम रखेगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us