12 जुलाई को यूपी में हरियाली का महायज्ञ, एक दिन में लगेंगे 35 करोड़ पौधे; रेलवे भी होगा शामिल
"पौधरोपण महायज्ञ 2026" के तहत उत्तर प्रदेश में हरित भविष्य की तैयारी जोर-शोर से चल रही है. 12 जुलाई को एक दिन में 35 करोड़ पौधा रोपन होगा. इसके लिए प्रदेश की 2600 से अधिक नर्सरियों में 57.62 करोड़ से अधिक पौधे तैयार किए गए हैं. इस बार इस अभियान में रेलवे भी शामिल होगा.
उत्तर प्रदेश में 12 जुलाई को आयोजित होने वाले पौधरोपण महायज्ञ-2026 की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. इस अभियान के तहत एक ही दिन में 35 करोड़ पौधे रोपित किए जाएंगे. इसके लिए प्रदेशभर की 2600 से अधिक नर्सरियों में कुल 57.62 करोड़ पौधे तैयार किए गए हैं. राज्य के साथ इस बार केंद्र सरकार के विभाग भी अभियान में भागीदारी करेंगे.
वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अनुसार, वन विभाग की 1939 नर्सरियों में 52.46 करोड़, उद्यान विभाग की 146 नर्सरियों में 1.55 करोड़, रेशम विभाग की 55 नर्सरियों में 44 लाख और 499 निजी पौधशालाओं में 3.17 करोड़ पौधे तैयार किए गए हैं. इन नर्सरियों से सभी विभागों, मंडलों और जिलों को लगातार पौधों का वितरण किया जा रहा है.
नोडल विभाग सबसे ज्यादा 15.50 करोड़ पौधे
केंद्र और प्रदेश सरकार के विभाग मिलकर इस साल 35 करोड़ पौधरोपण करेंगे. नोडल विभाग (वन, पर्यावरण व जलवायु परिवर्तन) सबसे अधिक 15.50 करोड़ पौधे लगाएगा. इसके अलावा ग्राम्य विकास विभाग 10 करोड़, कृषि विभाग 3.25 करोड़, उद्यान विभाग 1.50 करोड़, पंचायती राज 1.22 करोड़ और राजस्व विभाग एक करोड़ पौधे रोपेगा.
रेलवे 12 लाख, रक्षा मंत्रालय 7 लाख पौधे लगाएंगे
इसके साथ ही नगर विकास, जलशक्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य, पशुपालन, लोक निर्माण, एमएसएमई, ऊर्जा और परिवहन समेत अन्य विभाग भी अपने निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पौधरोपण करेंगे. वहीं, इस बार अभियान में केंद्र सरकार के रेलवे और रक्षा मंत्रालय भी शामिल होंगे. रेलवे की तरफ से 12 लाख और रक्षा मंत्रालय की तरफ से 7 लाख पौधे लगाए जाएंगे.
CM योगी के निर्देश पर सभी तैयारियां पूरी- अदिति शर्मा
मुख्य वन संरक्षक (प्रचार-प्रसार) अदिति शर्मा ने बताया कि पौधरोपण महायज्ञ-2026 के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जनसहभागिता और विभिन्न विभागों के समन्वय से इस अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाया जाएगा. विभागवार और जनपदवार पौधों का वितरण लगातार जारी किया जा रहा है.
