लखनऊ-दिल्ली से चित्रकूट तक की सीधी हवाई सेवा जल्द, CM योगी का बड़ा ऐलान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चित्रकूट को 951 करोड़ रुपये की 124 विकास परियोजनाओं की सौगात दी. इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि नए विमान उपलब्ध होते ही चित्रकूट से लखनऊ और दिल्ली के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू की जाएगी. सीएम ने कहा कि पहाड़ी चोटी पर बना देश का पहला आधुनिक एयरपोर्ट तैयार है.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को चित्रकूट को विकास की कई बड़ी सौगातें देते हुए कहा कि जल्द ही चित्रकूट से लखनऊ और दिल्ली के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू होगी. उन्होंने बताया कि नए एयरक्राफ्ट उपलब्ध होते ही उड़ानों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चित्रकूट में 951 करोड़ रुपये की लागत वाली 124 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले चित्रकूट भय, अव्यवस्था और उपेक्षा का प्रतीक बन गया था, लेकिन आज हालात पूरी तरह बदल चुके हैं. बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे क्षेत्र की लाइफलाइन बन चुका है और भरतकूप से आगे सड़क निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है. इस दौरान उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से चित्रकूट अब आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और औद्योगिक विकास का नया केंद्र बन रहा है।
पहाड़ी चोटी पर बना देश का पहला एयरपोर्ट
सीएम योगी ने कहा कि चित्रकूट में देश का पहला पहाड़ी चोटी पर स्थित आधुनिक एयरपोर्ट बनकर तैयार है. नए विमानों की उपलब्धता के बाद यहां से दिल्ली और लखनऊ के लिए नियमित उड़ानें शुरू होंगी. इससे धार्मिक पर्यटन, निवेश और रोजगार को नई गति मिलेगी.
चित्रकूट बनेगा शस्त्र और शास्त्र का केंद्र
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भगवान श्रीराम ने अपने वनवास काल में चित्रकूट से पूरे भारत की सुरक्षा और धर्म की रक्षा का संकल्प लिया था. उसी भावना को आगे बढ़ाते हुए यहां डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर तेजी से विकसित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है और उत्तर प्रदेश में निर्मित ब्रह्मोस मिसाइलों का अब निर्यात भी होगा. इससे प्रदेश की औद्योगिक पहचान और मजबूत होगी.
उन्होंने जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग विश्वविद्यालय को राज्य विश्वविद्यालय का दर्जा मिलने का भी जिक्र किया और कहा कि चित्रकूट भविष्य में शस्त्र और शास्त्र दोनों के अध्ययन और रिसर्च का प्रमुख केंद्र बनेगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चित्रकूट को आध्यात्मिक पर्यटन के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित कर रही है. महर्षि वाल्मीकि के लालापुर आश्रम, संत तुलसीदास की जन्मभूमि राजापुर, मंदाकिनी तट और कामदगिरि परिक्रमा मार्ग का व्यापक विकास कराया जा रहा है.
राम मंदिर चढ़ावा मामले पर भी बोले सीएम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि मंदिर में चढ़ावे की गिनती में करीब 150 लोग शामिल थे, लेकिन एसआईटी जांच में केवल आठ लोगों की भूमिका सामने आई, जिनमें छह सीधे चोरी और दो साजिश में शामिल पाए गए. उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है, लेकिन पूरे ट्रस्ट, अयोध्या और करोड़ों रामभक्तों की आस्था को बदनाम करना उचित नहीं है.