वर्दी वाला हिस्ट्रीशीटर…कौन है बर्खास्त सिपाही सुरकेश, दर्ज है 17 मुकदमे, 11 अन्य की खुली हिस्ट्रीशीट

बरेली पुलिस ने अपराध पर सख्ती दिखाते हुए 12 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली है. इसमें एक बर्खास्त सिपाही सुरकेश शर्मा भी है. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ दुष्कर्म, जानलेवा हमला, रंगदारी मांगने, मारपीट समेत कई गंभीर धाराओं में कुल 17 मुकदमे दर्ज हैं.

सबसे ऊपर (बाईं तरफ) सफेद शर्ट में सुरकेश

बरेली में अपराध पर सख्ती दिखाते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर अलग-अलग थाना क्षेत्रों के 12 आरोपियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है. इनमें सबसे ज्यादा चर्चा बर्खास्त सिपाही सुरकेश शर्मा की हो रही है, जिसके खिलाफ पहले से कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं.पुलिस का कहना है कि ऐसे लोगों की गतिविधियों पर अब लगातार निगरानी रखी जाएगी ताकि जिले में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे.

दरअसल, भमोरा थाना क्षेत्र के लंगुरा गांव निवासी सुरकेश शर्मा पहले पुलिस विभाग में तैनात था, लेकिन उसके खिलाफ सामने आए मामलों के बाद उसे सेवा से बाहर कर दिया गया. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ दुष्कर्म, जानलेवा हमला, रंगदारी मांगने, मारपीट समेत कई गंभीर धाराओं में कुल 17 मुकदमे दर्ज हैं. बरेली पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर चंदौली पुलिस प्रशासन ने पहले ही उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए उसे बर्खास्त कर दिया था.अब उसकी हिस्ट्रीशीट खोलकर उसकी गतिविधियों पर नजर रखने का फैसला लिया गया है.

अलग-अलग थाना क्षेत्रों के आरोपियों पर भी कार्रवाई

सिर्फ सुरकेश ही नहीं, पुलिस ने अन्य थाना क्षेत्रों के कई आरोपियों को भी निगरानी सूची में शामिल किया है.भमोरा थाना पुलिस ने डकैती के मामले में लंगुरा गांव निवासी धर्मेंद्र की हिस्ट्रीशीट खोली है.इसी थाना क्षेत्र में वाहन चोरी से जुड़े मामलों में चंदौआ निवासी मैकूलाल उर्फ माइकल और क्यूना शादीपुर निवासी नूरहसन को भी हिस्ट्रीशीटर घोषित किया गया है.

देवरनियां पुलिस ने गोकशी से जुड़े मामलों में रिछा के मोहल्ला मस्तान निवासी विकार अहमद, इस्लामनगर निवासी महताब, मुड़िया जागीर निवासी चंदा और डांडी हमीर निवासी उस्मान शाह उर्फ राजा को निगरानी में लिया है.इनके खिलाफ दर्ज मामलों को देखते हुए हिस्ट्रीशीट खोलने की कार्रवाई की गई.

वहीं किला थाना पुलिस ने भी गोकशी के आरोपों में सुर्खा चौधरी तालाब निवासी आबिद उर्फ बाबू और राशिद की हिस्ट्रीशीट खोल दी है.सीबीगंज थाना क्षेत्र में तिलियापुर निवासी रहीस को इसी तरह निगरानी सूची में शामिल किया गया है.अलीगंज पुलिस ने गोकशी और हत्या के प्रयास के मामले में नकटपुर निवासी राजवीर सिंह पर भी कार्रवाई की है.

अपराधियों की गतिविधियों पर रहेगी कड़ी नजर

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हिस्ट्रीशीट खोलने का उद्देश्य सिर्फ रिकॉर्ड तैयार करना नहीं, बल्कि ऐसे लोगों की हर गतिविधि पर नजर रखना भी है.स्थानीय पुलिस समय-समय पर इनकी समीक्षा करेगी और जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी.

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि जिले में भयमुक्त माहौल बनाना प्राथमिकता है.उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध करने वालों के खिलाफ कार्रवाई में किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी, चाहे आरोपी किसी भी पृष्ठभूमि का क्यों न हो.पुलिस विभाग में रहते हुए अपराध करने वाले लोगों को भी इसी दायरे में रखा जा रहा है ताकि कानून व्यवस्था पर लोगों का भरोसा बना रहे.

Follow Us