बरेली: शादी की खुशियां मातम में बदली, सिलेंडर लीक से भीषण आग, 13 साल के बच्चे की मौत, 3 गंभीर
बरेली के नवाबगंज में एक कार वर्कशॉप में सिलेंडर लीक होने से भीषण आग लग गई. शादी की खुशियों के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे में 13 साल के बच्चे की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन सिलेंडरों से गैस लीक हुई थी, जिसके कारण आग बेकाबू हो गई.
बरेली के नवाबगंज में इलाके में रविवार को एक कार वर्कशॉप में सिलेंडर लीक होने से भीषण आग लग गई. उस समय घर की महिलाएं वर्कशॉप में ही खाना बना रही थीं. जैसे ही गैस लीक हुई, देखते ही देखते आग भड़क उठी और पूरे वर्कशॉप में फैल गई. इस हादसे में एक 13 साल के बच्चे की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए.
बरखन मार्ग पर शिवा धर्मकांटे के पास स्थित कार वर्कशॉप में गैस सिलिंडर से लीक होने के कारण अचानक आग लग गई थी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन सिलेंडरों से गैस लीक हो रही थी, परिवार के लोग जब इसे देखने पहुंचे, तभी अचानक आग लग गई. इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई, आग इतनी तेज थी किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला.
घर में शादी का था माहौल, सोमवार को आती बारात
वर्कशॉप महावीर नामक व्यक्ति का है, जो अपने बेटे के साथ एसके श्री श्याम मोटर वर्कशॉप के नाम से दुकान चलाते हैं. नीचे वर्कशॉप और ऊपर उनका घर बना हुआ है. इसी जगह पर शादी का काफी सामान भी रखा हुआ था, क्योंकि महावीर की बेटी विनीता की शादी होने वाली थी. रविवार को लग्न और सोमवार को बारात आनी थी, इसलिए घर में खुशी का माहौल था.
लेकिन जैसे ही आग लगी और शादी का सामान जलने लगा, महावीर, रजा हुसैन, अजीत और साहिल उसे बचाने के लिए दौड़ पड़े. इसी दौरान चारों लोग आग की चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलस गए. हादसे में सबसे ज्यादा झुलसे 13 साल के अजीत कुमार को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. वह वर्कशॉप में ही काम करता था.
अजीत की मौत से परिवार में कोहराम, पसरा मातम
वहीं महावीर, रजा हुसैन और साहिल की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है. इस हादसे और अजीत की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. जिस घर में शादी का माहौल था अब वहां मातम पसरा है. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. लेकिन तब तक सब कुछ राख हो गया.
सूचना मिलते ही सीओ नीलेश मिश्रा और इंस्पेक्टर अरुण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने हालात का जायजा लिया और आगे की कार्रवाई शुरू की. अजीत के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. वहीं अब घर में मातम पसरा हुआ है, एक मासूम की जान चली गई और तीन लोग जिंदगी मौत के बीच जूझ रहे हैं.
