सहारनपुर में गैंगरेप, झाड़-फूंक के बहाने दरिंदगी; मौलवी समेत 2 आरोप गिरफ्तार

सहारनपुर में झाड़-फूंक के बहाने महिला से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है. मस्जिद के मौलवी समेत दो आरोप गिरफ्तार किए गए. दोनों पर महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोशी की हालत में दुष्कर्म करने का आरोप है. पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर दोनों को दबोचा है.

गैंगरेप मामले में मौलवी समेत 2 आरोपी गिरफ्तार

सहारनपुर के थाना फतेहपुर क्षेत्र में झाड़-फूंक के बहाने महिला के साथ गैंगरेप की खौफनाक घटना सामने आई है. पीड़िता के साथ झाड़-फूंक के बहाने मस्जिद में दरिंदगी हुई थी. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने महज 12 घंटे के अंदर मस्जिद के मौलवी समेत दो आरोपी को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपियों के खिलाफ अब आगे की कार्रवाई की जा रही है.

गिरफ्तार आरोपियों में मस्जिद का मौलवी मौ. जुनैद और उसका साथी नदीम शामिल हैं. जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल 2026 को पीड़िता ने एसपी देहात के सामने पेश होकर तहरीर दी थी. महिला ने आरोप लगाया कि नदीम उसे झाड़-फूंक के बहाने अपने साथ मस्जिद ले गया. फिर दोनों ने नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोशी की हालत में दुष्कर्म किया.

होश में आने के बाद पीड़िता से मारपीट, धमकाया भी

पीड़िता का आरोप है कि उसे थाना नागल क्षेत्र के गांव सीडकी स्थित एक मस्जिद में ले जाकर पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया. आरोप है कि बेहोशी की हालत में मस्जिद के मौलवी मौ. जुनैद और नदीम ने उसके साथ दुष्कर्म किया. पीड़िता का यह भी आरोप था कि होश में आने के बाद आरोपियों ने उसे धमकाया और रास्ते में उसके साथ मारपीट की.

साथ ही मौलवी और नदीम ने इस बारे में किसी को बताने पर, जान से मारने की भी धमकी दी थी. इतना ही नहीं, जब वह अपने पति के साथ शिकायत दर्ज कराने थाना पहुंची तो आरोपी वहां भी पहुंच गया और कार्रवाई रुकवाने की कोशिश की. वहीं, शिकायत के 12 घंटे के अंदर फतेहपुर पुलिस ने रविवार को दोनों आरोपियों को बडूली तिराहा से गिरफ्तार कर लिया.

जांच के बाद BNS की धारा 352 और 3(5) जोड़ी गई

पीड़िता की शिकायत के बाद एसपी देहात के निर्देश पर थाना फतेहपुर पर आरोपियों के खिलाफ 154/26 धारा 64(1), 123, 61(2), 115(2), 351(3) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया. विवेचना के दौरान धारा 352 और 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई. पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें कोर्ट में पेश किया जा रहा है.

Follow Us