नोएडा में सूट-बूट वाला चोर, सगाई समारोह में 5 लाख का बैग किया पार; वारदात CCTV में कैद
नोएडा के बैंक्वेट हॉल में एक सगाई समारोह के दौरान सूट-बूट पहने एक शातिर चोर ने करीब ₹5 लाख रुपये और आभूषणों से भरा बैग उड़ा लिया. घटना CCTV में कैद हो गई, जिसमें चोर मेहमान बनकर आया और मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया. पीड़ित पक्ष ने सेक्टर 49 थाने में शिकायत दर्ज कराई है.
नोएडा के सेक्टर 49 स्थित डायमंड क्रॉउन बैंक्विट हॉल में एक सगाई समारोह के दौरान उसे वक्त हड़कंप मच गया, जब जश्न के माहौल के बीच एक शातिर चोर ने बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया. सूट बूट पहनकर आए इस चोर ने लड़की पक्ष का करीब 5 लाख रुपए की नगदी से भरा बैग चंद सेकंड में गायब कर दिया और मौके से फरार हो गया.
इस घटना की भनक किसी को नहीं लगी, लेकिन जब कुछ देर बाद पीड़ित पक्ष का ध्यान बैग की तरफ गया तो उनके होश उड़ गए. जानकारी के अनुसार घटना दोपहर करीब 1 बजे के आसपास की बताई जा रही है. जब बैंक्विट हॉल में सगाई की रस्म चल रही थी. इसी दौरान एक युवक जो देखने में पूरी तरह मेहमान जैसा लग रहा था, बड़े आराम से वारदात को अंजाम दिया.
बैंक्विट हॉल में लगे CCTV कैमरे में कैद हुआ चोर
चोर सूट बूट पहनकर हाल में दाखिल हुआ और बड़े आराम से पहले इधर-उधर घूमता रहा और माहौल का मजा लेता रहा. मेहमानों की तरह आए इस शातिर चोर ने पहले सगाई समारोह में खाने का लुफ्त उठाया और जब पेट भर गया तो उसने नगदी और कुछ ज्वेलरी रखी उस बैग को बड़े ही शातिर तरीके से उठाया और बड़ा आराम से वहां से निकल लिया.
हालांकि, यह घटना बैंक्विट हॉल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. सीसीटीवी में भी देखा जा रहा है कि एक युवक सूट बूट में आता है. कुछ देर इधर-उधर घूमता है और फिर मौका देखकर बैग उठाकर बाहर निकल जाता है. इससे साफ है कि उसने पहले से पूरी योजना बना रखी थी, यही वजह रही कि वह बिना किसी शक के वारदात को अंजाम देने में सफल रहा.
सेक्टर 49 थाने में शिकायत, जांच में जुटी पुलिस
घटना की कुछ देर बाद जब पीड़ित पक्ष को बैग नहीं मिला तो उनके होश उड़ गए. इधर-उधर काफी तलाश पर भी बैग नहीं मिला, जिसके बाद बैंक्विट हॉल में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला गया. जिसमें सूट-बूट पहने चोर को बैग उठाकर निकलते देखा गाय. इसके बाद पीड़ित परिवार तुरंत सेक्टर 49 थाने पहुंचे और इस वारदात की लिखित शिकायत दी.
थाना प्रभारी का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. बैग में कितने रुपए और ज्वेलरी हैं इसका अभी पता नहीं चल पाया है. पुलिस हर पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. लड़के पक्ष के लोग दिल्ली के रहने वाले थे जबकि लड़की पक्ष के लोग नोएडा के ही निवासी हैं.
