PM मोदी 28 अप्रैल को आएंगे काशी, देंगे ₹7000 करोड़ की सौगात; 50000 महिलाओं को करेंगे संबोधित
28 अप्रैल को प्रधानमंत्री मोदी वाराणसी दौरे पर आ रहे हैं. यह दौरा नारी शक्ति को समर्पित है, जहां वे 50,000 से अधिक महिलाओं को संबोधित करेंगे. साथ ही, पीएम मोदी वाराणसी को ₹7000 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे, जिसमें पेयजल और बुनियादी ढांचा मजबूत करने की योजनाएं शामिल हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अप्रैल को वाराणसी के दौरे पर रहेंगे. उनका ये दौरा नारी शक्ति को समर्पित रहेगा. जहां पीएम मोदी 50 हज़ार महिलाओं को बरेका ग्राउंड पर सम्बोधित करेंगे. बीजेपी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने पीएम मोदी के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सर्किट हाउस में महत्वपूर्ण बैठक कर पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
बीजेपी के काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने जानकारी दी कि बरेका परिसर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक महिलाएं प्रधानमंत्री के 2026 में प्रथम काशी आगमन पर उनका भव्य स्वागत करेंगी. यह कार्यक्रम न केवल स्वागत का अवसर होगा बल्कि महिलाओं के साथ संवाद और उनके सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाएगा.
7000 करोड़ रुपये की सौगात, नारी शक्ति को संबोधन
दिलीप पटेल ने विश्वास जताया कि जब कार्यक्रम की पूरी जिम्मेदारी मातृशक्ति संभालेगी, तब यह आयोजन ऐतिहासिक बनेगा और देशभर में एक सकारात्मक संदेश देगा. इस अवसर पर पीएम मोदी उनको संबोधित भी करेंगे. माना जा रहा है कि पीएम मोदी, इस दौरान नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पास नहीं हो पाने के लिए विपक्ष को निशाने पर भी लेंगे.
पीएम मोदी अपने वाराणसी दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र को करीब सात हज़ार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे. सिग्नेचर ब्रिज के शिलान्यास के साथ-साथ गंगा किनारे रामनगर में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस सहित कई परियोजनाएं मिलेंगी. इसके अलावा, अमृत 2.0 योजना के तहत 18 वार्डों में 814 करोड़ रुपये की पेयजल परियोजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे.
अमृत 2.0 योजना से करीब तीन लाख लोगों को फायदा
इसकी मदद से पेयजल का बुनियादी ढांचा मजबूत किया जाएगा. 651 किलोमीटर की नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी. इसका सीधा फायदा करीब तीन लाख की आबादी को मिलेगा. शुद्ध जल की आपूर्ति के लिए 67,886 घरों को जोड़ा जाएगा. 98 करोड़ रुपये की लागत से नगर निगम के नए सदन भवन का शिलान्यास भी पीएम के हाथों होना है.
