भदोही के पूर्व विधायक विजय मिश्रा पर बड़ा एक्शन, महाराष्ट्र में 100 करोड़ की दाल मिल कुर्क

भदोही पुलिस ने पूर्व विधायक विजय मिश्रा और उनके गैंग के खिलाफ शिकंजा कसा है. महाराष्ट्र में 100 करोड़ की दाल मिल कुर्क कर ली है. यह संपत्ति अपराध से अर्जित अवैध कमाई से खरीदी गई थी. अब तक विजय मिश्रा गैंग की 241 करोड़ से अधिक की अवैध संपत्तियां कुर्क की जा चुकी हैं.

पूर्व विधायक विजय मिश्रा का ₹100 करोड़ का दाल मिल कुर्क

भदोही के ज्ञानपुर से पूर्व विधायक विजय मिश्रा और उनके गैंग के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई किया है. महाराष्ट्र में स्थित करीब 100.25 करोड़ रुपये की एक दाल मिल कुर्क कर ली है. पुलिस का कहना है कि यह संपत्ति अपराध से अर्जित अवैध कमाई से खरीदी गई थी. गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत इसे कुर्क किया गया है.

भदेही पुलिस के अनुसार, यह दाल मिल (लल्ली एग्रो इंडस्ट्रीज) महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के उमरगा थाना क्षेत्र के जकेकुर गांव स्थित है. इस संपत्ति की अनुमानित कीमत 100 करोड़ 25 लाख रुपये है. मंगलवार को स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में इसे कुर्क किया गया. भदेही पुलिस की यह कार्रवाई विजय मिश्रा गैंग की आर्थिक जड़ों पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है.

दामाद मुकेश तिवारी के नाम से था दाल मिल

भदोही पुलिस का कहना है कि विजय मिश्रा गैंग की आर्थिक गतिविधियों की जांच के दौरान इस संपत्ति का पता चला. मिल का संचालन विजय मिश्रा के दामाद मुकेश तिवारी के नाम से किया जा रहा था. पुलिस ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश के बाद सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करते हुए महाराष्ट्र पुलिस की मौजूदगी में संपत्ति को कुर्क किया गया है.

अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई के साथ ही विजय मिश्रा गैंग की अब तक 241 करोड़ रुपये से अधिक की कथित अवैध संपत्तियां कुर्क की जा चुकी हैं. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, विजय मिश्रा पर 87 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें से 7 मामलों में उन्हें सजा मिल चुकी है. हाल में धोखाधड़ी और अवैध कब्जे के मामले में उन्हें परिवार समेत जेल की सजा हुई थी.

वर्तमान में आगरा जेल में बंद हैं विजय मिश्रा

एमपी-एमएलए कोर्ट ने इसी साल एक करीबी रिश्तेदार की शिकायत पर दर्ज धोखाधड़ी और अवैध कब्जे के मामले में विजय मिश्रा, उनकी पत्नी रामलली मिश्रा और बेटे विष्णु मिश्रा को 10-10 साल की जेल और बहू रूपा मिश्रा को 4 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई थी. कोर्ट ने सभी दोषियों पर कुल 5 लाख 26 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया था.

हालांकि, विजय मिश्रा की बहू रूपा मिश्रा को जून में हाईकोर्ट से इस मामले में जमानत मिल गई थी. वहीं, पूर्व विधायक विजय मिश्रा वर्तमान में आगरा जेल में बंद हैं. विजय मिश्रा समाजवादी पार्टी के टिकट पर 2002, 2007 और 2012 के चुनावों में जीत हासिल की थी. बाद में, 2017 के विधानसभा चुनाव में वह निषाद पार्टी के उम्मीदवार के रूप में जीत दर्ज की थी.

Follow Us