बिजनौर में पुलिस के साथ मारपीट, ट्रांसफार्मर चोरी के आरोपी को भीड़ ने जबरन छुड़ाया
बिजनौर की कोतवाली पुलिस को इलाके में लगातार हो रही बिजली के ट्रांसफार्मर और अन्य सामानों की चोरी के मामलों में एक नामजद आरोपी की तलाश थी. बुधवार देर रात पुलिस टीम को सटीक सूचना मिली कि आरोपी जंदरपुर गांव में मौजूद है. पुलिस टीम ने गांव में दबिश दी, आरोपी को दबोच लिया और सरकारी गाड़ी में बैठा लिया. लेकिन ग्रामीणों ने इस दौरान पुलिस के साथ मारपीट और अभद्रता करते हुए आरोपी को छुड़ा लिया.
उत्तर प्रदेश के बिजनौर से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहाँ के शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव अलाउद्दीनपुर उर्फ जंदरपुर में चोरी के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. उग्र भीड़ ने न सिर्फ पुलिस वाहन को चारों तरफ से घेरा, बल्कि दरोगा और सिपाहियों के साथ अभद्रता व मारपीट का प्रयास करते हुए आरोपी को पुलिस की कस्टडी से जबरन छुड़ाकर भगा दिया.इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
देर रात दबिश के दौरान हुआ हंगामा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली पुलिस को इलाके में लगातार हो रही बिजली के ट्रांसफार्मर और अन्य सामानों की चोरी के मामलों में एक नामजद आरोपी की तलाश थी. बुधवार देर रात पुलिस टीम को सटीक सूचना मिली कि आरोपी जंदरपुर गांव में मौजूद है. सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम ने गांव में दबिश दी, तो उन्होंने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया और सरकारी गाड़ी में बैठा लिया.
भीड़ ने किया हमला दरोगा ने निकाली पिस्टल
जैसे ही पुलिस टीम आरोपी को लेकर थाने के लिए रवाना होने लगी, वैसे ही आरोपी के परिजनों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पुलिस के वाहन को रोक लिया. देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया.
भीड़ ने ड्यूटी पर तैनात दरोगा विनय और हमराही सिपाही सन्नी मलिक के साथ धक्का-मुक्की, अभद्रता और मारपीट की कोशिश की. इसी आपाधापी का फायदा उठाकर ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस निजी गाड़ी से नीचे उतार लिया और मौके से फरार कर दिया.
पुलिस का आधिकारिक बयान और सख्त कार्रवाई
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि उग्र भीड़ के बीच घिरे रहने के कारण अपनी और टीम की सुरक्षा के लिए दरोगा विनय हाथ में पिस्टल लेकर गाड़ी से बाहर निकलता दिखाई दे रहा है. इस गंभीर मामले को लेकर एस पी सिटी डा. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के आधार पर पुलिस टीम के साथ अभद्रता करने वाले, सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले और आरोपी को भगाने वाले उपद्रवियों को चिह्नित किया जा रहा है.
उन्होंने आगे कहा कि पुलिस पर हमला करने और कस्टडी से आरोपी को छुड़ाने के मामले में 10 नामजद व 50 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है है. आरोपी और उसे छुड़ाने वाले हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं, जो गांव और उसके आसपास के ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है.
