बिजली चोरी पकड़ने गए JE को बेलचे से मारा, कुत्तों से कटवाया, FIR दर्ज
लखनऊ में बिजली चोरी की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंचे जूनियर इंजीनियर और उनकी टीम पर हमला कर दिया गया. जूनियर इंजीनियर को गिराकर पीटा गया. फिर उनपर बेलचे से हमला किया गया. इतने पर भी मन नहीं भरा तो पालतू कुत्ते से कटवाया गया.
लखनऊ के जानकीपुरम जोन के नहर रोड इलाके में बिजली चोरी की सूचना मिलने पर पहुंचे जूनियर इंजीनियर और उनके सहयोगियों को हमला कर दिया गया. जूनियर इंजीनियर (रेड) अशोक कुमार को गिराकर पीटा गया. बेलचा से मारा गया. इसके अलावा पालतू कुत्ते से कटवाया गया. हमले में जूनियर इंजीनियर गंभीर रूप से चोटिल हो गए. इसके अलावा चौपटिया के तंबाकू मंडी में भी बिजली चोरी पकड़ने गई टीम को भी लात-घुसों से पीटा गया.
जैसे मीटर की जांच शुरू की वैसे ही कर दिया हमला
जानकीपुरम जोन में जूनियर इंजीनियर (रेड) अशोक कुमार, जूनियर इंजीनियर राधेश्याम यादव, संविदाकर्मी आयुष गौर, शिवम यादव, मनीष कुमार शर्मा बिजली चोरी की सूचना पर नहर रोड के रहने वाले अजय दीक्षित को आवास पर पहुंचे. बिजली विभाग की टीम ने जैसे ही मीटर की जांच शुरू की. आरोपियों ने उन्हें घेर लिया. बिजली विभाग की टीम से पहले गाली-गलौच की गई.
बेलचे से मारा, पालतू कुत्ते से भी कटवाया
गाली-गलौच होते हुए विवाद मारपीट तक पहुंच गया. जूनियर इंजीनियर और उनके साथियों को पहले लात-घुसों से पीटा गया. फिर, सिर पर बेलचा (फावड़ा नुमा औजार) से जानलेवा वार कर दिया. इसके बाद अजय दीक्षित ने अपने पालतू कुत्तों को टीम पर छोड़ दिया. कुत्ते के काटने और बेलचे के हमले से जूनियर इंजीनियर बुरी तरह घायल हो गए. आरोप है कि आरोपियों ने उनका मोबाइल भी छीन लिया. विद्युत कर्मियों ने जानकीपुरम थाने में आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है.
चौपटिया इलाके में भी बिजली विभाग की टीम पर हमला
सआदतगंज थाना क्षेत्र के चौपटिया इलाके की तंबाकू मंडी बिजली विभाद की टीम सडीओ जितेंद्र गुर्जर के नेतृत्व में टीम पहुंची. यहां से उन्हें बिजली चोरी की सूचना मिली ती. टीम को देखते ही मोहल्ले में हड़कंप मच गया. इस दौरान लोगों ने अपने छतों से कटिया हटाने लगे. इस बीच जब कर्मचारियों ने खंभों से अवैध कनेक्शन को लेकर कार्रवाई की तो जलील अहमद और अब्दुल खालिक नामक व्यक्तियों ने 30-40 लोगों की भीड़ ने टीम को घेर लिया और उनपर हमला कर दिया. इस दौरान संविदा कर्मी संतोष यादव पर धारदार हथियार से हमला किया गया. उनके चेहरे पर गहरे जख्म आए हैं. इस मामले में आदतगंज थाने में नामजद व अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया गया है.
