घुड़चढ़ी के लिए तैयार था दूल्हा, तभी लाईनमैन ने काट दी घर की बिजली
बिजनौर के नूरपुर कस्बे में बिजली बिल न जमा करने की वजह से एक परिवार को शादी के दिन सरेआम बेइज्जती का सामना करना पड़ा. डायमंड सिटी कॉलोनी निवासी भूपेंद्र चौहान की बारात 19 फरवरी शाम करीब 4 बजे नजीबाबाद के लिए तैयार हो रही थी. तभी बिजली विभाग की टीम ने बिजली काट दी. मेहमानों के सामने अंधेरा छा गया, परिवार रोया-धोया, लेकिन विभाग नहीं माना.
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में बिजली बिल न जमा करना एक परिवार के लिए फजीहत का सबब बन गया. दरअसल, नूरपुर कस्बे में डायमंड सिटी कॉलोनी निवासी भूपेंद्र चौहान की शादी के दिन बिजली विभाग की हठधर्मिता ने पूरे परिवार को मेहमानों के सामने सरेआम बेइज्जती का सामना कराया. घटना 19 फरवरी यानी गुरुवार को शाम करीब 4 बजे की है, जब भूपेंद्र की बारात नजीबाबाद जाने के लिए तैयार हो रही थी. घर में झालरें, लाइटिंग पूरी तरह चमक रही थीं.
तभी जूनियर इंजीनियर और लाइनमैन सहित बिजली विभाग की टीम पहुंची और बकाया बिजली बिल तुरंत जमा करने की मांग की. परिवार ने समझाया कि बारात जा रही है, सोमवार को बिल जमा करा दिया जाएगा, लेकिन विभाग ने एक नहीं सुनी. जूनियर इंजीनियर ने लाइनमैन को पोल पर चढ़कर कनेक्शन काटने का आदेश दे दिया. लाइनमैन ने तुरंत पोल चढ़कर लाइन काट दी, जिससे पूरा घर अंधेरे में डूब गया. झालरें बंद, लाइट गुल, और शादी की रौनक खत्म हो गई.
दूल्हे ने जोड़े हाथ, लेकिन नहीं माना विभाग
दूल्हा भूपेंद्र घुड़चढ़ी के लिए तैयार था. वह रिश्तेदारों के साथ लाइनमैन के पास पहुंचा, हाथ जोड़कर गुहार लगाई, मेहमानों के सामने परिवार की बेइज्जती का हवाला दिया, और बिजली चालू करने की विनती की. रिश्तेदारों ने भी काफी मनाने की कोशिश की, लेकिन लाइनमैन पर कोई असर नहीं हुआ. उन्होंने किसी की एक नहीं सुनी और कनेक्शन काटकर चले गए. दूल्हा मायूस होकर बारात लेकर नजीबाबाद चला गया.
दोस्तों ने मंगवाया जनरेटर, रोशन हुआ घर
कुछ देर बाद दूल्हे के दोस्तों ने किराए पर जनरेटर मंगवाकर घर में बिजली चालू कराई, जिससे घर फिर जगमगाने लगा और शादी की बाकी व्यवस्था पूरी हुई. यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है. कई वीडियो में दूल्हे का भावुक होना और मेहमानों के सामने अंधेरे में खड़े परिवार की तस्वीर दिख रही है. पीड़ित परिवार ने इसे बिजली विभाग की संवेदनहीनता का मामला बताया है, जबकि विभाग की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया.