पसंद नहीं थी पत्नी की नौकरी, साला करता था उसका समर्थन; गुस्से में घर जमाई ने काट दिया गला

आरोपी को पत्नी का नौकरी करना पसंद नहीं था. जबकि आरोपी का साला चाहता था कि उसकी बहन आत्मनिर्भर बने. इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ. इसके बाद आरोपी ने गला रेत कर साले की हत्या कर दी.

प्रतीकात्मक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है. यहां एक घर जमाई ने अपने सगे साले की गला काटकर हत्या कर दी है. मामला बिजनौर के किरतपुर थाना क्षेत्र में भनेड़ा गांव में शुक्रवार की देर रात का है. आरोपी को पत्नी का नौकरी करना पसंद नहीं था. जबकि आरोपी का साला चाहता था कि उसकी बहन आत्मनिर्भर बने. इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ. इसके बाद आरोपी ने गला रेत कर साले की हत्या कर दी.

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान शीलगंगे निवासी ग्राम रामपुर अकबरपुर के रूप में हुई है. अपनी शादी के बाद वह बीते छह वर्षों से अपनी ससुराल भनेड़ा गांव में घर जमाई के रूप में रह रहा था. यहीं पर वह मेहनत मजदूरी करता था. वहीं उसकी पत्नी भी एक धागा बनाने वाली फैक्ट्री में काम करती है. पुलिस के मुताबिक आरोपी का पसंद नहीं था कि उसकी पत्नी नौकरी करे. जबकि उसका साला सचिन उसकी पत्नी को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करता था.

जीजा को घर लौटने के कहा तो झगड़ा

आरोप है कि पत्नी की नौकरी छुड़वाने पर तुले आरोपी के साथ साले सचिन की कई बार बहस हुई. इस दौरान उसने अपने जीजा को अपने पैतृक घर जाने तक को कह दिया. इसी बात को लेकर दोनों में तनातनी बढ़ी और आरोपी ने रात में सोते समय उसकी हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक शुक्रवार की शाम को झगड़ा करने के बाद दोनों सोने के लिए छत पर चले गए. रात में करीब 2 से 3 बजे के बीच आरोपी अचानक उठा और गहरी नींद में सो रहे सचिन की गला रेतकर हत्या कर दी.

मौके पर पकड़ा गया आरोपी

सचिन की चीख-पुकार सुनकर परिजन दौड़कर आए. उस समय आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था. हालांकि लोगों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया. इसके बाद पुलस को सूचना दी गई. पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है. आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में वारदात कबूल करते हुए पूरी कहानी बयां कर दी है. पुलिस ने मौके से ही वारदात में इस्तेमाल खून से सना चाकू भी बरामद कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Follow Us