11 लिफ्ट, डबल बेसमेंट और जनसुनवाई केंद्र… हाईटेक है नोएडा का नया प्रशासनिक भवन; CM योगी करेंगे उद्घाटन
करीब 390 करोड रुपए की लागत से तैयार नोएडा प्राधिकरण का यह भवन नोएडा के विकास की नई पहचान बनेगा. नोएडा के सेक्टर 96 स्थित यह हाईटेक मुख्यालय आधुनिक सुविधाओं से लैस है. जहां एक ही छत के नीचे प्राधिकरण के लगभग सभी प्रमुख विभाग संचालित होंगे.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश में नोएडा प्राधिकरण के नए प्रशासनिक भवन का उद्धान आज शनिवार को सीएम योगी करेंगे. करीब 390 करोड रुपए की लागत से तैयार यह भवन नोएडा के विकास की नई पहचान बनेगा. नोएडा के सेक्टर 96 स्थित यह हाईटेक मुख्यालय आधुनिक सुविधाओं से लैस है. जहां एक ही छत के नीचे प्राधिकरण के लगभग सभी प्रमुख विभाग संचालित होंगे. इससे आम लोगों को अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर काटने की जरूरत खत्म हो जाएगी.
जनसुनवाई से लेकर भूखंड भवन वित्त औद्योगिक और आवासीय मामलों तक के काम तेजी से निपटाए जा सकेंगे. मुख्यमंत्री दोपहर करीब 3:30 बजे भवन का उद्घाटन करेंगे. इसके बाद ऑडिटोरियम में एमएसएमई कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. इस दौरान वह लोक निर्माण विभाग की परियोजनाओं की समीक्षा भी करेंगे. कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है. पूरे भवन को सजाया गया है और एसपीजी सहित स्थानीय पुलिस में प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है.
क्या है नए भवन की खासियत?
करीब एक दशक में तैयार हुआ यह भवन आधुनिक वास्तुकला और नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखकर बनाया गया है. भवन में दो टावर बनाए गए हैं. पहला टावर लगभग 40824 वर्ग मीटर का है. वहीं दूसरा 14840 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला है. इसके अलावा 1780 वर्ग मीटर का आधुनिक ऑडिटोरियम तैयार किया गया है. जहां बड़े सरकारी कार्यक्रम, निवेशक सम्मेलन और सार्वजनिक आयोजन किए जा सकेंगे. भवन ग्राउंड प्लस सात मंजिल का है. इसमें 11 हाई स्पीड लिफ्ट, डबल बेसमेंट, पार्किंग, विशाल लॉबी, आधुनिक कॉन्फ्रेंस हॉल और डिजिटल कार्यालय बनाए गए हैं.
जनसुविधा केंद्र भी बना
इस इमारत के छठी मंजिल पर जन सुविधा केंद्र बनाया गया है. जहां नागरिक सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे. सातवीं मंजिल पर बोर्ड रूम बनाया गया है जहां प्राधिकरण की महत्वपूर्ण बैठकें होंगी. नए प्रशासनिक भवन में प्राधिकरण के सभी प्रमुख अधिकारी और विभाग एक ही परिसर में काम करेंगे. यहां प्राधिकरण के सीईओ, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी एसईओ, मुख्य महाप्रबंधक, महाप्रबंधक,उप महाप्रबंधक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी बैठेंगे. इसके अलावा कार्मिक विभाग, सामान्य प्रशासन, कंप्यूटर सेल, नियोजन विभाग, भूलेख विभाग, वित्त विभाग, आवश्यक भूखंड,विभाग,भवन विभाग, स्थानांगत विभाग,वाणिज्यिक विभाग,औद्योगिक विभाग, विधि विभाग, ग्रुप हाउसिंग विभाग, आईजीआरएस सेल और आरटीआई सेल के कार्यालय भी होंगे.
छोटा पड़ गया पुराना कार्यालय
नोएडा प्राधिकरण का मुख्यालय अब तक सेक्टर 6 में संचालित हो रहा था. जब नोएडा छोटा शहर था तब यह भवन पर्याप्त था. लेकिन समय के साथ आबादी, उद्योग, आवासीय परियोजनाओं और निवेश में तेजी से वृद्धि हुई. कर्मचारियों की संख्या भी कई गुना बढ़ गई. पुराने भवन में सबसे बड़ी समस्या पार्किंग को लेकर थी. सीमित कार्यालय स्थान, अलग-अलग विभागों के लिए पर्याप्त कमरे ना होने और जनसुनवाई के दौरान भारी भीड़ होने के अलावा लोगों को एक काम के लिए कई बार अलग-अलग कमरों और विभागों के चक्कर लगाने पड़ते थे. बैठकों और बड़े कार्यक्रमों के लिए भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी. इन सभी समस्याओं को देखते हुए नए प्रशासनिक भवन का निर्माण किया गया.
नोएडा प्रशासन के लिए नई शुरुआत
करीब 10 वर्षों में तैयार हुआ यह भवन केवल एक सरकारी कार्यालय नहीं है, बल्कि नोएडा के बदलते स्वरूप और आधुनिक प्रशासनिक व्यवस्था का प्रतीक माना जा रहा है. सभी प्रमुख विभागों को एक छत के नीचे लाने अत्याधुनिक सुविधाओं बेहतर जनसुनवाई व्यवस्था पर्याप्त पार्किंग और आसान कनेक्टिविटी के साथ यह भवन लाखों नागरिकों के लिए सेवाओं को पहले से अधिक तेज पारदर्शी और सुविधाजनक बनाएगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उद्घाटन के साथ आज से नोएडा प्रशासन का एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है.
