‘वसीम ने अपनी बेटी से शादी कराने का दिया था झांसा’, विशाल ने बताई धर्म परिवर्तन की सच्चाई

कश्मीर जाकर विशाल से हमजा बने नाबालिग युवक को पुलिस वापस बिजनौर ले आई. विशाल ने पुलिस को बताया कि वसीम ने उसे अपनी बेटी से शादी कराने का झांसा दिया था. फिर, उसपर दबाव बनाकर उसका धर्म परिवर्तन करा दिया गया.

बिजनौर का विशाल बन गया हमजा

बिजनौर की थाना कोतवाली पुलिस ने विशाल नाम के युवक को जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा से सुरक्षित बिजनौर वापस ले आई है. हाल ही में विशाल ने कॉल कर अपने परिवार को बताया था कि उसका धर्म परिवर्तन करा दिया गया है. अब उसका नाम मोहम्मद हमजा हो गया है. लेकिन अब पुलिस विशाल को बिजनौर लेकर आ गई है. साथ ही इस पूरे धर्मांतरण मामले के मुख्य आरोपी वसीम को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

शादी का प्रलोभन देकर कराया धर्म परिवर्तन

बिजनौर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में पीड़ित विशाल ने एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है. विशाल ने बताया कि आरोपी वसीम ने उसे मुस्लिम धर्म अपनाने के लिए अपनी बेटी से शादी कराने का प्रलोभन (झांसा) दिया था. इसी लालच और दबाव में आकर उसका धर्म परिवर्तन कराया गया था.

नौकरी के बहाने कश्मीर ले गया था आरोपी

यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब बाखरपुर/बहादुरपुर निवासी विशाल को काजीवाला गांव का रहने वाला वसीम सैलून का काम सिखाने और नौकरी दिलाने के बहाने चार साल पहले विशाल को अपने साथ जम्मू-कश्मीर ले गया था. वहां कुपवाड़ा के एक गांव में सैलून पर काम कराने के दौरान विशाल का ब्रेन वॉश किया गया. उसे मुस्लिम धर्म में कन्वर्ट होने के लिए इस्लाम की खूबियां और लजीज खाने और बेहतर जिंदगी जीने का लालच दिया गया.

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने से मचा था हड़कंप

यह मामला तब प्रकाश में आया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ. वीडियो में विशाल एक मस्जिद के भीतर कलमा पढ़ते और इस्लाम कबूल कर नया नाम ‘मोहम्मद हमजा’ अपनाते हुए दिख रहा था. वीडियो सामने आने के बाद विशाल के पिता कृष्ण कुमार ने बिजनौर कोतवाली में तहरीर देकर जबरन धर्मांतरण और डराने-धमकाने का मुकदमा दर्ज कराया था.

यूपी और जम्मू-कश्मीर पुलिस का संयुक्त एक्शन

मामले की गंभीरता को देखते हुए बिजनौर पुलिस की एक विशेष टीम तुरंत कश्मीर के कुपवाड़ा रवाना की गई थी. स्थानीय पुलिस के सहयोग से विशाल को सकुशल बरामद कर लिया गया और अब उसे वापस बिजनौर लाकर गहन पूछताछ की जा रही है. आरोपी वसीम को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.

Follow Us