यूपी के सभी विश्वविद्यालयों-कॉलेजों में लागू हो यूनिफॉर्म, स्टूडेंट्स को मिले रोजगार देने वाली शिक्षा, बोलीं राज्यपाल आनंदी बेन पटेल

राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने 20 मई को जनभवन में जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया से संबद्ध कॉलेजों की समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि सभी विश्वविद्यालयों एवं संबद्ध कॉलेजों में छात्र-छात्राओं के लिए यूनिफॉर्म जरूरी किया जाए. साथ ही स्टूडेंट्स को रोजगार देने वाली शिक्षा उनके पाठ्यक्रम में शामिल किया जाए.

आनंदी बेन पटेल ( फाइल फोटो)

यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उच्च शिक्षा संस्थानों में गुणवत्ता सुधार, छात्र-छात्राओं के विकास और रोजगार संबंधित शिक्षा पर जोर देते हुए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए हैं. उन्होंने सभी विश्वविद्यालयों और संबद्ध कॉलेजों में छात्रों के लिए यूनिफॉर्म लागू करने, शिक्षकों से न्यूनतम दो शोध प्रकाशनों और पीपीपी मॉडल के जरिए इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार लाने की बात कही.

छात्र-छात्राओं के लिए यूनिफॉर्म जरूरी किया जाए

बुधवार यानी 20 मई को जनभवन में जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया से संबद्ध कॉलेजों की समीक्षा बैठक के दौरान राज्यपाल ने कहा कि सभी विश्वविद्यालयों एवं संबद्ध कॉलेजों में छात्र-छात्राओं के लिए यूनिफॉर्म जरूरी किया जाए. उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि हर शिक्षक को हर वर्ष कम से कम दो बुक चैप्टर या रिसर्च पेपर प्रकाशित करने चाहिए, ताकि शोध और अकादमिक लेखन की संस्कृति मजबूत हो.

‘छात्राओं के लिए हॉस्टल सुविधा बेहतर हो’

आनंदीबेन पटेल ने महिला कॉलेजों में हॉस्टल सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी विशेष जोर दिया. उन्होंने कहाकि छात्राओं को सुरक्षा के साथ-साथ सकारात्मक मार्गदर्शन की जरूरत है, ताकि वे असामाजिक तत्वों के प्रभाव से दूर रहकर सम्मानजनक जीवन जी सकें. राज्यपाल ने विद्यार्थियों को विषय चयन की स्वतंत्रता देने, मल्टी-टास्किंग पर ध्यान देने और मुख्य विषय के अलावा योग, पेंटिंग व अन्य कौशलों को पाठ्यक्रम में शामिल करने की सलाह दी. है उन्होंने कहा कि इससे छात्रों को बेहतर रोजगार के अवसर मिलेंगे.

राज्यपाल ने विलेज वैज्ञानिक कार्यक्रम चलाने पर जोर दिया

आनंदीबेन पटेल ने कहा कि जिन कॉलेजों का इंफ्रास्ट्रक्चर संतोषजनक नहीं है, वहां गुणवत्ता सुधार के लिए गुजरात सरकार के सार्वजनिक-निजी साझेदारी (PPP) मॉडल को अपनाया जा सकता है. उत्तर प्रदेश में भी इस मॉडल को प्रभावी ढंग से लागू किया जाना चाहिए. उन्होंने विलेज वैज्ञानिक कार्यक्रम चलाने पर जोर दिया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और तकनीकी जागरूकता बढ़ेगी.

‘ऐसी समितियों का गठन हो जहां स्टूडेंट्स अपनी समस्याएं बता सकें’

छात्र समस्याओं का तुरंत समाधान हो इसके लिए राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने सभी शिक्षण संस्थानों में ऐसी समितियों का गठन करने का निर्देश दिया गया, जहां स्टूडेंट्स अपनी समस्याएं खुलकर रख सकें. साथ ही शिक्षकों को समय पर कक्षाओं में पहुंचने और विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का भी उन्होंने निर्देश दिया.

छात्राओं के लिए रोजगार देने वाले पाठ्यक्रम शुरू किए जाएं

राज्यपाल ने विशेष रूप से छात्राओं के लिए रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू करने पर बल दिया. इनमें ब्यूटीशियन, मेहंदी, जीएसटी, बिंदी निर्माण, अकाउंटेंसी और मिलेट आधारित व्यंजन निर्माण जैसे कोर्स शामिल हैं.आनंदीबेन पटेल ने शिक्षकों को चेताते हुए कहा कि कोई भी शिक्षक ऐसा कार्य न करे जिससे गुरु की गरिमा को ठेस पहुंचे.

Follow Us