यूपी के हर ब्लॉक, तहसील और मुख्यालय के पास बनेगा हेलीपैड, क्यों लिया गया यह फैसला

उत्तर प्रदेश सरकार यूपी के हर ब्लॉक, तहसील और मुख्यालय के पास हैलीपैड बनाने जा रही है. इसको बनाने और इसके रखरखाव की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को दी गई है. प्राकृतिक आपदा, स्वास्थ्य आपातकाल या अन्य संकट की स्थिति में हेलीपैड बेहद जरूरी साबित हो सकते हैं.

यूपी के ब्लॉक, तहसील और मुख्यालयों पर बनेंगे हैलीपैड ( प्रतीकात्मक तस्वीर)

योगी सरकार प्रदेश के हर ब्लॉक, तहसील और जिला मुख्यालयों के पास हेलीपैड बनाने की योजना पर काम करने जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को लोक निर्माण विभाग के वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना की समीक्षा के दौरान ब्लॉक, तहसील और जिला मुख्यालयों के पास हेलीपैड निर्माण को जरूरी बताया. उनका कहना है कि प्राकृतिक आपदा, स्वास्थ्य आपातकाल या अन्य संकट की स्थिति में हेलीपैड बेहद उपयोगी साबित हो सकते हैं.

लोक निर्माण विभाग उठाएगा हेलीपैड के रखरखाव की जिम्मेदारी

सीएम योगी ने कहा कि लोकनिर्माण विभाग की जिम्मेदारी होगी कि हेलीपैड निर्माण के बाद जो भी उसका इस्तेमाल करे, उससे शुल्क लिया जाए. इसके रखरखाव की जिम्मेदारी भी लोकनिर्माण विभाग की होगी. इसके अलावा सीएम योगी ने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के कारण ईंधन व बिटुमेन की उपलब्धता में दिक्कत आ रही है. ऐसी स्थिति में लोक निर्माण विभाग को तकनीकी नवाचार अपनाने चाहिए.

सड़क निर्माण के लिए एक हफ्ते में कार्य योजना भेजने का निर्देश

सीएम योगी ने सड़कों को बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग को सभी जिलों से एक सप्ताह में कार्ययोजनाएं भेजने और जून के पहले हफ्ते में उन्हे स्वीकृत करने का भी निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि कामों की गुणवत्ता बेहतर रखी जाए. हर परियोजना के लिए नोडल अधिकारी नामित किए जाएं. यह सुनिश्चित हो कि प्रत्येक परियोजना का भूमि पूजन और शिलान्यास जनप्रतिनिधियों के हाथों हो.

प्रस्ताव को तैयार करने के दौरान ‘पिक एंड चूज’ से बचें-सीएम योगी

सीएम योगी ने यह भी साफ कर दिया विभागीय कमियों और ठेकेदारों की गलतियों की जिम्मेदारी जनप्रतिनिधियों की नहीं होगी. सीएम योगी ने अधिकारियों से यह भी कह रहा है आप अपने प्रस्ताव को तैयार करने के दौरान ‘पिक एंड चूज’ से बचें. इस दौरान सीएम योगी ने डीएम व सीडीओ को भी निर्देश दिया कि पिछले साल स्वीकृत परियोजनाओं की समीक्षा करें. इसकी प्रगति रिपोर्ट शासन को उपलब्ध कराएं. वहीं, लोकनिर्माण विभाग जिलों में अपनी टीम भेजकर कामों का निरीक्षण कराए.

सीसी रोड निर्माण के लिए ये तकनीक अपनाने का निर्देश

सीएम योगी ने दो किलोमीटर तक के ग्रामीण मार्गों पर आवश्यकता अनुसार गुणवत्तापूर्ण सीसी रोड काभी निर्माण कराने का निर्देश दिया. सीसी निर्माण के दौरान बिटुमेन की उपलब्धता में कमी के चलते उन्हें जीएसबी के स्थान पर सीटीएसबी और डब्ल्यूएमएम के स्थान पर सीमेंट ट्रीटेड बेस तकनीक को अपनाने की सलाह गी.

Follow Us