‘कुलदीप सेंगर के परिवार से कोई चुनाव लड़ेगा तो समर्थन करेंगे’, बृजभूषण सिंह के बयान से उन्नाव में हलचल

यूपी चुनाव से पहले उन्नाव की सियासत में हलचल तेज हो गई है. बृजभूषण शरण सिंह ने कुलदीप सेंगर के परिवार से किसी सदस्य के चुनाव लड़ने पर समर्थन देने की बात कही है. ऐसे में सवाल है कि सेंगर की सियासी विरासत के दावेदार परिवार में कौन होंगे?

पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह (फाइल फोटो) Image Credit:

उन्नाव की राजनीति में एक बार फिर पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर का नाम चर्चा में है. सेंगर भले ही जेल में बंद हैं, लेकिन उनके परिवार की राजनीतिक सक्रियता और प्रभाव को लेकर चर्चाएं जारी हैं. इसी बीच उन्नाव पहुंचे भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने ऐसा बयान दिया है, जिससे 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी अटकलें तेज हो गई हैं.

दरअसल, पत्रकारों ने उनसे सवाल किया कि अगर कुलदीप सिंह सेंगर के परिवार से कोई सदस्य विधानसभा चुनाव लड़ता है तो क्या वह उसका समर्थन करेंगे? इस पर बृजभूषण शरण सिंह ने तुरंत जवाब दिया, ‘जरूर करेंगे.’ खास बात यह रही कि इस दौरान सेंगर परिवार की राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय अंतरांजय सिंह ‘गोल्डी राजा’ भी वहां मौजूद थे.

दावेदार में गोल्डी राजा के नाम की भी चर्चा

कुलदीप सिंह सेंगर के जेल जाने के बाद उनके परिवार की राजनीतिक सक्रियता में अंतरांजय सिंह ‘गोल्डी राजा’ का नाम प्रमुखता से सामने आया है. गोल्डी राजा लगातार राजनीतिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों में सक्रिय दिखाई देते हैं. अभय सिंह, धनंजय सिंह, बृजेश सिंह और बृजभूषण शरण सिंह जैसे प्रभावशाली नेताओं के साथ उनकी मुलाकातों को भी राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय माना जाता है.

बृजभूषण शरण सिंह और कुलदीप सेंगर का भांजा अंतरांजय गोल्डी राजा

उनके कार्यक्रमों में गाड़ियों के बड़े काफिले और कुलदीप सेंगर के झंडों की मौजूदगी भी ध्यान खींचती रही है. राजनीतिक जानकारों के बीच चर्चा है कि यदि भविष्य में सेंगर परिवार से किसी सदस्य को विधानसभा चुनाव का टिकट देने की संभावना बनती है, तो गोल्डी राजा भी दावेदारी पेश कर सकते हैं. हालांकि, यह अभी केवल अटकलें हैं.

दूसरा नाम कुलदीप सिंह सेंगर की बड़ी बेटी का

सेंगर परिवार से संभावित उम्मीदवारों में दूसरा नाम कुलदीप सिंह सेंगर की बड़ी बेटी ऐश्वर्या सिंह सेंगर का भी सामने आ सकता है. ऐश्वर्या की शादी गोरखपुर के एक प्रभावशाली राजनीतिक परिवार में हुई है. उनके ससुर फतेह बहादुर सिंह सात बार विधायक रह चुके हैं, जबकि उनकी सास भी गोरखपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं.

वहीं, उनके पति के दादा वीर बहादुर सिंह दिग्गज कांग्रेस नेता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे थे. ऐसे में ऐश्वर्या का पारिवारिक राजनीतिक संबंध भी उनकी संभावित दावेदारी को लेकर चर्चा का आधार बन सकता है. हालांकि, ऐश्वर्या की ओर से चुनाव लड़ने की इच्छा या किसी राजनीतिक दल से टिकट मिलने की पुष्टि नहीं हुई है.

हमें ‘पूर्व सांसद’ कहकर संबोधित न करें- बृजभूषण

उन्नाव में पत्रकारों से बातचीत के दौरान बृजभूषण शरण सिंह ने अपने संबोधन को लेकर भी दिलचस्प टिप्पणी की. उन्होंने पत्रकारों से आग्रह किया कि उन्हें ‘पूर्व सांसद’ कहकर संबोधित न किया जाए. इसके बजाय उन्हें ‘सांसद पति’ या ‘एक सांसद के पिता’ के रूप में संबोधित किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि ‘पूर्व सांसद’ कहलाना काफी कष्टदायक होता है.

ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन पर भी बोले बृजभूषण

बृजभूषण शरण सिंह ने 2027 चुनाव को लेकर राजनीतिक समीकरणों पर भी प्रतिक्रिया दी. पत्रकारों ने उनसे असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के संभावित तीसरे गठबंधन के बारे में सवाल पूछा. इस पर उन्होंने कहा कि दोनों दलों की विचारधाराएं एक-दूसरे से मेल नहीं खाती हैं, इसलिए ऐसा गठबंधन लंबे समय तक नहीं टिक पाएगा.

वहीं, कुलदीप सिंह सेंगर के परिवार को समर्थन देने संबंधी उनके बयान के बाद उन्नाव में संभावित उम्मीदवारों को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है. हालांकि, बृजभूषण का व्यक्तिगत समर्थन देने का बयान किसी राजनीतिक दल की ओर से टिकट देने या आधिकारिक समर्थन की घोषणा नहीं है.

Follow Us

Latest Stories

ग्रेटर नोएडा: जिसे बच्ची कहती थी मामा, उसी ने घूमाने के बहाने जंगल में ले जाकर की दरिंदगी; मुठभेड़ में गिरफ्तार

मथुरा से बीजेपी का नया चुनावी नारा- ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’, प्रकाश पाल बोले- तीसरी बार सरकार बनी तो बनेगा भव्य मंदिर

मंत्री दानिश अंसारी बोले- फार्मासिस्टों की जिम्मेदारी दवाएं देने तक सीमित नहीं…

बंटवारे को लेकर 2 भाइयों में मारपीट, भतीजे ने स्कार्पियो से कुचलकर चाची समेत 2 की ले ली जान; मचा कोहराम

‘लगा दो एक और जोर, चलो मथुरा की ओर…’ कुंडा से धीरेंद्र शास्त्री की हूंकार, बोले- मेरे लिए एक हैं यादव-माधव

‘सॉरी मां, जो चाहा, नहीं बन पाया…’, B-Tech छात्र ने क्यों लिखा ये आखिरी संदेश? फिर लगाई फांसी