बंटवारे को लेकर 2 भाइयों में मारपीट, भतीजे ने स्कार्पियो से कुचलकर चाची समेत 2 की ले ली जान; मचा कोहराम
जौनपुर में पैतृक संपत्ति विवाद ने खूनी रूप ले लिया. यहां एक भतीजे ने स्कॉर्पियो से चाची और अन्य लोगों को रौंद दिया, जिसमें चाची इंदु देवी और अमित यादव की मौत हो गई. वहीं 8 अन्य लोग घायल हो गए. इन्हें वाराणसी रेफर किया गया है. मामला गौरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र का है.
उत्तर प्रदेश के जौनपुर के एक परिवार में जमीनी विवाद में खौफनाक वारदात हुई है. इस विवाद में भतीजे ने स्कार्पियो गाड़ी से अपने चाचा समेत आधा दर्जन लोगों को रौंद दिया. इस वारदात में एक महिला समेत 2 लोगों की मौत हो गई है. जबकि 8 अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं. उन्हें जौनपुर से बनारस के लिए रेफर किया गया है. मामला गौरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव का है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के मुताबिक इस गांव में रहने वाले दो भाइयों के बीच पैतृक संपत्ति के बंटवारे का विवाद चल रहा था. इसी विवाद में बुधवार को दोनों भाई आमने सामने आ गए. देखते ही देखते मामले ने हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि इसी दौरान भतीजे ने स्कॉर्पियो गाड़ी से वहां मौजूद लोगों को कुचल दिया. इस दर्दनाक घटना में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए. घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है.
पड़ोसियों पर भारी पड़ा बीच-बचाव
जानकारी के मुताबिक दो भाइयों के बीच हो रहे विवाद में गांव के दर्जनों लोग बीच बचाव करने पहुंचे थे. लोगों ने दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता कराने तथा मामले को शांत कराने का प्रयास किया. लेकिन इसी दौरान बड़े भाई के बेटे ने स्कॉर्पियो स्टार्ट की और वहां मौजूद भीड़ के ऊपर दौड़ा दिया. अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर से उधर भागने लगे. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.
चाची समेत दो की मौत
इस हादसे में आरोपी के चाचा मनोज यादव गंभीर रूप से घायल हैं, वहीं उनकी पत्नी इंदू देवी और एक युवक अमित यादव की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं मौके पर मौजूद आठ अन्य लोग गाड़ी की चपेट में आकर बुरी तरह से जख्मी हो गए हैं. इन सभी घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों की हालत गंभीर बताते हुए बनारस के लिए रेफर किया है. शहीद उमानाथ सिंह जिला अस्पताल के चिकित्सक मनोज सिंह ने घायलों के उपचार और उनकी चिकित्सकीय स्थिति को लेकर जानकारी दी. उन्होंने महिला समेत दो लोगों की मौत होने की पुष्टि की है.