‘लगा दो एक और जोर, चलो मथुरा की ओर…’ कुंडा से धीरेंद्र शास्त्री की हूंकार, बोले- मेरे लिए एक हैं यादव-माधव

बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री ने कुंडा में रामकथा के दौरान 'चलो मथुरा की ओर' का आह्वान किया. उन्होंने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव का नाम लिए बिना कहा कि यादव और माधव एक हैं. कृष्ण पर अपनी टिप्पणी को लेकर उन्होंने सफाई भी दी.

पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (फाइल फोटो) Image Credit:

सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के लाख विरोध के बावजूद बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ना केवल दो दिन से यूपी में हैं, बल्कि प्रतापगढ़ के बेंती में उनकी रामकथा भी शुरू हो गई है. कुंडा विधायक राजा भैया द्वारा आयोजित इस रामकथा के मंच से पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण के मंदिर के लिए हूंकार भरी है. उन्होंने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव का नाम तो नहीं लिया, लेकिन कहा कि ‘चलो मथुरा की ओर, लगा दो एक और जोर…’.

उन्होंने कहा कि यही समय है और सही समय है जिसमें श्रीकृष्ण जन्मस्थान को मुक्त कराया जा सकता है. उन्होंने कहा कि मैं नहीं चाहता कि मेरे हिंदू भाई आपस में बंटे, इसलिए वह एक बार नहीं सौ बार मांफी मांग लेंगे. उनके लिए यादव और माधव एक ही हैं. धीरेंद्र शास्त्री ने यह बयान कुंडा में आयोजित रामकथा के पहले दिन मंच से दिया. इस बयान में उन्होंने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को लक्ष्य करते हुए यादव और माधव को एक बताया. साथ ही उन्होंने चुनाव के माहौल में कथा को लेकर कहा वह राजनीति नहीं करते.

मंच से दिया विरोधियों को संदेश

धीरेंद्र शास्त्री ने एक बार फिर बिना नाम लिए विरोधियों को जवाब दिया. कहा कि वह कथा करते हैं, यह चुनावी साल है तो उनकी कथा की भी चर्चा होगी. उन्होंने भगवान कृष्ण पर की गई अपनी टिप्पणी पर भी सफाई दी. कहा कि तीन घंटे की कथा को 30 सेकेंड की रील में कैसे समझा जा सकता है. वह रील अधूरा था, यदि किसी को कोई शक हो तो उसे कथा सुनने आना चाहिए. इसी के साथ उन्होंने कहा कि यदि वह व्यक्ति भी यदि कथा का आयोजन करते हैं तो वह उनके यहां भी कथा करने जाएंगे.

अखिलेश यादव ने किया था विरोध

भगवान श्रीकृष्ण पर बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर की टिप्पणी सामने आने के बाद अखिलेश यादव ने खुलकर विरोध किया था. यहां तक कि उन्हें उत्तर प्रदेश में घुसने नहीं देने की धमकी दी थी. इसके बाद समाजवादी पार्टी के कई नेताओं ने बढ़ चढ़कर विरोध में हिस्सा लिया. बावजूद इसके, धीरेंद्र शास्त्री कुंडा में रामकथा सुना रहे हैं. हालांकि सुरक्षा के लिए पुलिस भी पूरी तरह चौकस है. कथा स्थल को एक अभेद किले में तब्दील कर दिया गया है.

Follow Us