बदायूं के कछला घाट पर एक ही परिवार के 6 सदस्य डूबे; 16 साल के बच्चे की मौत, किशोरी लापता
बदायूं के कछला गंगाघाट पर गंगा स्नान के दौरान एक बड़ा हादसा हुआ. हाथरस से आए एक परिवार के छह सदस्य गहरे पानी में डूब गए. गोताखोरों और स्थानीय लोगों ने चार को तो बचा लिया, लेकिन एक 16 साल के बच्चे की दुखद मौत हो गई. जबकि एक युवती अभी भी लापता है, जिसकी तलाश जारी है.
बदायूं के उझानी कोतवाली क्षेत्र स्थित कछला गंगाघाट पर रविवार को गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया. हाथरस जिले से आए एक ही परिवार के 6 सदस्य अचानक गहरे पानी में डूबने लगे. हादसे में 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय किशोरी लापता है. वहीं, स्थानीय लोगों की मदद से अन्य चार लोगों के सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
जानकारी के अनुसार, हाथरस जिले के थाना हसायन क्षेत्र के गांव कनऊ निवासी ओमवीर अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ कछला गंगाघाट पर स्नान करने आए थे. इस दुखद घटना में ओमवीर का 16 साल का बेटा नीलेश की डूबने से दुखद मौत हो गई. जबकि रिश्तेदारों में एक 17 वर्षीय शिखा, निवासी गांव पिहोटी थाना हसायन लापता है, जिसकी तलाश जारी है.
शिखा का देर शाम तक कोई सुराग नहीं लगा
बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान ओमवीर का बेटा नीलेश और रिश्तेदार शिखा अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे थे. दोनों को बचाने के प्रयास में ओमवीर, उनका बड़ा बेटा सर्वेश और रिश्तेदार श्यामवीर भी पानी में फंस गए. घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद गोताखोरों और स्थानीय लोगों ने चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
इसके बाद करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद नीलेश को गंगा से बाहर निकाला गया और तत्काल सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं किशोरी शिखा का देर शाम तक कोई सुराग नहीं लग सका. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है. लापता किशोरी की तलाश में गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान शुरू किया है.
घटना स्थल पर DM सहित आलाधिकारी मौजूद
उझानी के एसएचओ प्रवीण कुमार ने बताया कि लापता किशोरी की तलाश के लिए पुलिस और गोताखोर लगातार अभियान चला रहे हैं. सूचना मिलते ही घटना स्थल पर डीएम सहित आलाधिकारी भी पहुंचे हैं. वहीं, इस बड़े हादसे के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है. लोग सदमे में हैं. खबर लिखते समय तक किशोरी नहीं मिल सकी है.
