‘फिर तो आप कह देंगे कि सड़कों में गड्ढे हैं…’ हेलीकॉप्टर उतरने की अनुमति ना मिलने पर भड़के अखिलेश

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को बुलंदशहर में एक कार्यक्रम के लिए हेलीकॉप्टर उतारने की अनुमति नहीं मिली. प्रशासन ने सुरक्षा और तकनीकी कारणों का हवाला दिया, जबकि अखिलेश ने इसे 'साजिश' करार दिया. उन्होंने हेलीपैड का वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि उन्हें जानबूझकर रोका जा रहा है. इस घटना से जिले में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है.

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में समाजवादी पार्टी के प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए जिला प्रशासन ने हेलीकॉप्टर उतारने की अनुमति नहीं दी है. इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन के मैदान में बने हेलीपैड पर उतरने वाले थे. अब अनुमति नहीं मिलने के बाद जिले में राजनीतिक महौल गरमा गया है. हालांकि प्रशासन ने सफाई देते हुए कहा है कि सुरक्षा कारणों की वजह से अनुमति नहीं दी जा रही.

वहीं अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर बुलंदशहर पुलिस और प्रशासन पर तगड़ा पलटवार किया है. कहा कि उन्हें बुलंदशहर आने से रोकने के लिए यह तगड़ी साजिश है. अखिलेश यादव ने कहा कि जिस तर्क से उन्हें हेलीकॉप्टर उतारने की अनुमति नहीं मिली, उस तर्क से उन्हें सड़क मार्ग से भी निकलने नहीं दिया जाएगा. कहा जाएगा कि सड़कों में गड्ढे हैं, जो सही में हैं.

सोशल मीडिया पर डाला हैलीपैड का वीडियो

अखिलेश यादव ने खुद अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पुलिस लाइन हेलीपैड का वीडियो पोस्ट किया है. कहा कि दूर-दूर तक यहां कोई जलभराव नहीं है. शासन निर्देश पर प्रशासन ने जबरन यहां सीमेंट, गारा और पेवर ब्लॉक्स डलवा दिए, ताकि कार्यक्रम को रद्द करने का सही बहाना मिल जाए. अखिलेश यादव के इस पोस्ट के बाद समाजवादी पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ता रोष में आ गए हैं.

11 सितंबर को होना है कार्यक्रम

समाजवाबादी पार्टी का एक कार्यक्रम बुलंदशहर में 11 सितंबर को प्रस्तावित है. इस कार्यक्रम में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव भी शामिल होने वाले हैं. उनके हेलीकॉप्टर को पुलिस लाइन के मैदान में उतारने के लिए पहले ही पुलिस और जिला प्रशासन से अनुमति मांगी गई थी, जिसे प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए खारिज कर दिया है. इसके बाद अखिलेश यादव ने सीधे तौर पर शासन और प्रशासन की मंशा पर सवाल उठाते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है.

जांच कराने की मांग

अपने पोस्ट में सपा सुप्रीमो ने पार्टी पदाधिकारियों की मौजूदगी में तकनीकी विशेषज्ञों से हेलीपैड की जांच कराने की मांग की है. इसी के साथ उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर वह सड़क मार्ग से आते हैं तो भी ये रोक देंगे. कहेंगे कि एक्सप्रेसवे, हाईवे या सड़कों पर गड्ढे हैं, चूंकि ये सच भी है. उधर, बुलंदशहर के एसपी सिटी ने अखिलेश यादव के आरोपों को नकारा है. कहा कि हेलीकॉप्टर उतारने के मानकों पर पुलिसलाइन का मैदान खरा नहीं है.

आ चुकी है एससीएन की रिपोर्ट

एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजेय ने इसे विशुद्ध रूप से सुरक्षा से जुड़ा मामला बताया. कहा कि हेलीकॉप्टर लैंडिंग के संबंध में एससीएन से औपचारिक रिपोर्ट मांगी गई थी. उन्होंने मैदान की तकनीकी जांच की और अपनी रिपोर्ट में सुरक्षित लैंडिंग के लिए अनुकूल नहीं बताया है. ऐसे में वीवीआईपी सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए अनुमति नहीं दी गई है. उधर, सिटी मजिस्ट्रेट जेपी पांडेय ने कहा कि पुलिस लाइन मैदान में पानी भरे होने की वजह से परमिशन नहीं दी गई है.

Follow Us