बुलंदशहर के खुर्जा में सनसनी…एक साथ 3 लोगों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप
बुलंदशहर में नेहरूपुर स्थित रेलवे ट्रैक के पास एक साथ 3 लोगों का शव मिलने से हड़कंप मच गया है. मृतकों में एक महिला,एक युवक और एक बच्ची शामिल हैं. पुलिस को मौके से दो टूटे हुए मोबाइल फोन, दो हेयरबेंड , चिप्स, कोल्ड ड्रिंक और फल सहित खाने का अन्य सामान बरामद हुआ.
बुलंदशहर के खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास आज यानी शुक्रवार को तीन शव मिलने हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी पहुंच गई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक खुर्जा क्षेत्र के ही नेहरूपुर में किराए के मकान में रहते थे और पॉटरी में मजदूरी का काम करते थे.
शव के पास ये चीजें हुईं बरामद
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव नेहरूपुर स्थित रेलवे ट्रैक के पास एक महिला शव पिलखन के पेड़ से रस्सी से लटका हुआ था. वहीं, युवक और बच्ची के शव पेड़ के नीचे पड़े हुए थे. पुलिस को मौके से दो टूटे हुए मोबाइल फोन, दो हेयरबेंड , चिप्स, कोल्ड ड्रिंक और फल सहित खाने का अन्य सामान बरामद हुआ.
मृतकों की शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई है पुलिस
फिलहाल पुलिस मृतकों की शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई है. अब तक सिर्फ यही जानकारी मिल पाई है कि मृतक खुर्जा क्षेत्र के ही नेहरूपुर में किराए के मकान में रहते थे और पॉटरी में मजदूरी का काम करते थ . एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि आज सुबह तीन शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई. मौके पर पुलिस को भेजा गया. वह खुद भी मौके पर पहुंचे थे.
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए तीनों शव
तीनों मृतकों की मौत को लेकर खास जानकारी नहीं मिली है. पुलिस हर एक एंगल पर जांच कर रही है. फिलहाल तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की स्पष्ट जानकारी मिल पाएगी. पुलिस इसके आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी.
(बुलंदशहर से सुमित शर्मा की रिपोर्ट)
