अवैध गुटखा कारोबार, 218 करोड़ की टैक्स चोरी… सपा के जिला कोषाध्यक्ष समेत तीन को जेल
बदायूं में CGST विभाग ने अवैध पान मसाला और गुटखा निर्माण पर शिकंजा कसा है. साथ ही इससे जुड़े 218 करोड़ रुपये की कर चोरी का खुलासा किया. इस मामले में सपा के जिला कोषाध्यक्ष समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. तीनों को कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में मेरठ जेल भेजा है.
बदायूं में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. अवैध पान मसाला और गुटखा निर्माण पर शिकंजा कसा गया, जिसमें 218 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का खुलासा हुआ है. इस मामले में सपा के जिला कोषाध्यक्ष समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. तीनों को कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में मेरठ जेल भेजा दिया है.
CGST गौतमबुद्ध नगर की टीम को बदायूं में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से पान मसाला और गुटखा निर्माण किए जाने की गोपनीय सूचना मिली थी. इसके बाद 30 जून और 1 जुलाई को बदायूं में दो जगहों पर छापेमारी की गई, जिसमें बड़ी मात्रा में पान मसाला और गुटखा निर्माण से जुड़ी मशीनें, कटी हुई सुपारी, तैयार उत्पाद और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले.
सपा नेता के आवास पर रेड, तैयार माल बरामद
विभागीय जांच के अनुसार, इस अवैध कारोबार के कारण सरकारी राजस्व को लगभग 218.40 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचा है. अधिकारियों ने मौके से तीनों आरोपियों रचित गुप्ता, मनोज साहू, उमेश को गिरफ्तार किया. रचित गुप्ता सपा के जिला कोषाध्यक्ष हैं, CGST टीम ने आवास विकास कॉलोनी में रचित गुप्ता के आवास पर छापेमारी भी की थी.
छापेमारी के दौरान 13 एफएफएस मशीनें, लगभग 40 किलोग्राम कटी सुपारी और पान मसाला मिला. साथ ही शिखर, दिलबाग समेत कई मसाला कंपनियों का तैयार माल बरामद किया गया. जांच में पता चला कि आरोपी बिना किसी वैध पंजीकरण और टैक्स का भुगतान किए लंबे समय से गुटखा और पान मसाला का कारोबार कर रहे थे.
तीनों आरोपियों को मेरठ जिला कारागार भेजा गया
अधिकारियों ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उन्हें मेरठ की विशेष मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया. अदालत ने प्रथम दृष्टया मामले को गंभीर आर्थिक अपराध मानते हुए तीनों आरोपियों को 16 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में मेरठ जिला कारागार भेजने का आदेश दिया. मामले की आगे की जांच जारी है.
