नग्न पड़ा था पत्नी का शव, उसी बिस्तर पर अचेत था पति; कमरे की हालत देख दंग रह गई पुलिस
चंदौली में एक किराए के मकान में विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है, जबकि उसका पति अचेत अवस्था में उसी बिस्तर पर पड़ा था. दो दिन तक कमरा न खुलने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने दरवाजा तोड़कर पति को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर है. महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पुलिस घटना की गहन जांच कर रही है.
उत्तर प्रदेश के चंदौली में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां किराए के मकान में रह रही एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई. शव कमरे में बिस्तर पर मिला है. उसी बिस्तर पर उसका पति भी अचेत अवस्था में मिला. मामला चंदौली में अलीनगर क्षेत्र का है. दो दिन तक जब इनका कमरा नहीं खुला तो पड़ोसियों को शक हुआ और पुलिस को सूचना दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने इन्हें रेस्क्यू किया है.
पुलिस के मुताबिक पड़़ोसियों ने सूचना दी थी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर देखा तो बिस्तर पर नग्न हालत में पति-पत्नी लेटे हुए थे. पुलिस ने उनकी नब्ज देखी तो पता चला कि पत्नी की मौत हो चुकी थी, जबकि पति की सांस चल रही थी. पुलिस ने आनन फानन में पति को अस्पताल पहुंचाया, वहीं महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पुलिस के मुताबिक इस दंपत्ति की पहचान आकाश और रानी के रूप में हुई है.
एक हफ्ते पहले लिया था किराए का घर
पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद बताया कि करीब एक हफ्ते पहले ही आकाश और रानी ने अलीनगर क्षेत्र के कटरिया गांव स्थित सुरेंद्र नारायण सिंह के घर में किराए का घर लिया था. दोनों पूड़ी-सब्जी का ठेला लगाकर अपना गुजारा करते थे. बताया जा रहा है कि 13 अगस्त की देर शाम दोनों काम से लौटे और कमरे में अंगीठी जलाकर सो गए. दो दिन बाद यानी शनिवार की सुबह तक जब इन्होंने अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोला तो पड़ोसियों को शक हुआ और पुलिस को सूचना दी गई.
जिला अस्पताल रेफर हुआ पति
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आकाश की हालत को देखते हुए नियामताबाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उचार के बाद उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया. पुलिस के मुताबिक अभी तक घटना की वजह साफ नहीं हो सकी है. सीओ पीडीडीयू नगर के मुताबिक फोरेंसिक टीम की मदद से मामले की पड़ताल की जा रही है. महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई होगी.