भगत सिंह को लेकर IAS रिंकू सिंह राही के बिगड़े बोल, कहा- वो घर के बागी थे; Video
आईएएस रिंकू सिंह राही ने स्वतंत्रता दिवस पर जालौन में शहीद भगत सिंह पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर नया विवाद खड़ा कर दिया है. उन्होंने भगत सिंह को 'सबसे बड़ा बेवकूफ' बताया, जिससे सामाजिक और राजनीतिक हलकों में तीव्र रोष फैल गया है. उरई कलेक्ट्रेट सभागार में दिए इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई है. राही अक्सर अपने विवादित बयानों के लिए चर्चा में रहते हैं.
उत्तर प्रदेश में अक्सर विवादों में रहने वाले आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है. जालौन में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उरई कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने शहीद-ए-आजम भगत सिंह को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की. उनके इस बयान को लेकर सोशल मीडिया में बवाल मच गया है. कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान उरई के एसडीएम (न्यायिक) IAS रिंकू सिंह राही ने भगत सिंह के व्यक्तित्व और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान पर टिप्पणी की.
उन्होंने कहा कि “आज के समय के हिसाब से भगत सिंह सबसे बड़े बेवकूफ थे. वह कभी अच्छे बच्चे नहीं थे”. IAS अधिकारी के इस बयान को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है. देश की आजादी के लिए अपना जीवन न्योछावर करने वाले भगत सिंह भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के सबसे चर्चित क्रांतिकारियों में शामिल रहे हैं. ऐसे में स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर आयोजित सरकारी कार्यक्रम में उनके संबंध में की गई टिप्पणी ने पूरे मामले को और संवेदनशील बना दिया है.
लोगों में दिखी नाराजगी
IAS रिंकू सिंह राही ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता आंदोलन और उस दौर के क्रांतिकारियों को लेकर कई अन्य टिप्पणियां भी कीं. उनके वक्तव्य के अंश सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर नई बहस शुरू हो गई है. उनके इस बयान पर लोगों में गुस्सा है. लोगों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस का अवसर सेनानियों और शहीदों के बलिदान को याद करने तथा उन्हें श्रद्धांजलि देने का है. ना कि उनके प्रति ऐसे आपत्तिजनक अथवा अपमानजनक टिप्पणी करना चाहिए.
अक्सर विवादों में रहते हैं रिंकू सिंह राही
उरई में उप जिलाधिकारी (न्यायिक) के पद पर कार्यरत आईएएस रिंकू सिंह राही इससे पहले भी विवादों में रहे हैं. स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में दिए गए इस बयान के सामने आने के बाद उन्होंने अब एक नया विवाद मोल लिया है. हालांकि, वायरल वीडियो में कही गई बातों के पूरे संदर्भ और उनके बयान का आधिकारिक पक्ष स्पष्ट होना अभी बाकी है. फिलहाल स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में दिए गए रिंकू सिंह राही के कथित बयान को लेकर जिले में चर्चाओं का दौर जारी है.