कैडर में वापस जाएंगे या होगा डेपुटेशन विस्तार? कार्यकाल पूरा होते ही IAS आंजनेय सिंह ने छोड़ा पदभार
मुरादाबाद मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह का यूपी में प्रतिनियुक्ति कार्यकाल पूरा हो गया है. ऐसे में उन्होंने पदभार छोड़कर छुट्टी ली है. उन्हें अभी केंद्र से डेपुटेशन विस्तार के लिए हरी झंडी मिलने का इंतजार है. यदि यूपी में सेवा विस्तार नहीं मिलता है तो उन्हें सिक्किम कैडर में वापस जाना पड़ सकता है. रामपुर में आजम खान पर कार्रवाई से वह राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आए थे.
उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद के मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह अपना पदभार डीएम मुरादाबाद को सौंपकर छुट्टी चले गए हैं. उन्होंने अपनी प्रतिनियुक्ति की अवधि पूरी होने की वजह से यह कदम उठाया है. सिक्किम कैडर में 2005 बैच के आईएएस अधिकारी आंजनेय कुमार सिंह लंबे समय से प्रतिनियुक्ति पर थे. उनकी प्रतिनियुक्ति (डेपुटेशन) की अवधि 14 अगस्त 2026 को ही पूरी हो चुकी है. संभावना जताई जा रही है कि उन्हें उत्तर प्रदेश में और सेवा विस्तार मिल सकता है. हालांकि इससे संबंधित आधिकारिक आदेश लंबित अभी मिला नहीं है.
ऐसे में उन्होंने शासन के नियमों का पालन करते हुए अपना प्रभार छोड़ दिया है. बता दें कि आंजनेय कुमार सिंह वर्ष 2015 में अंतर-कैडर तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के द्वारा प्रतिनियुक्ति के तहत उत्तर प्रदेश आए थे. अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था को सख्ती से लागू करने में बड़ी भूमिका निभाई. खासतौर पर रामपुर में जिलाधिकारी रहते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान और उनके सहयोगियों पर कड़ा शिकंजा कसा था. इससे वे राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आए थे.
केंद्र के पाले में है गेंद
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक उत्तर प्रदेश सरकार ने आंजनेय कुमार सिंह के डेपुटेशन विस्तार के लिए केंद्र को प्रस्ताव भेज दिया है. हालांकि अभी तक केंद्र से हरी झंडी नहीं मिली है. न ही उन्हें अभी अपने मूल कैडर में वापस लौटने के ही आदेश मिले हैं. ऐसे में अगले आदेश प्राप्त होने तक वह अवकाश पर चले गए हैं. इस दौरान मुरादाबाद मंडल में प्रशासनिक कामकाज निर्वाध रूप से जारी रखने के लिए प्रभार डीएम मुरादाबार डॉ. राजेंद्र पेंसिया को सौंप दिया है.
आजम खान पर एक्शन से मिली पहचान
वैसे तो आंजनेय कुमार सिंह की पहचान उनके सख्त मिजाज और काम से होती है, लेकिन सपा के राष्ट्रीय महासचिव आजम खान पर नकेल कसकर पूरे देश में सुर्खियों में आ गए थे. एक बार आजम खान ने चुनावी सभा में उन्हें तनखैया कहा था. इसके बाद उन्होंने आजम खान को ऐसा सबक सिखाया कि वह आज तक जेल की चक्की पीसते नजर आ रहे हैं. रामपुर में डीएम रहते उन्होंने ना केवल चुनाव आचार संहिता, बल्कि सरकारी जमीनों के अतिक्रमण के मामले में बड़ी कार्रवाई की थी.
जानें उनका प्रशासनिक सफर
2005 बैच के आईएएस आंजनेय कुमार सिंह साल 2015 में अंतर-कैडर प्रतिनियुक्ति पर उत्तर प्रदेश आए थे. उस समय अखिलेश यादव के नेतृतव में सपा की सरकार थी. बीते 11 वर्षों के दौरान आन्जनेय सिंह ने यूपी में वाणिज्यिक कर, सिंचाई विभाग के अलावा बुलंदशहर, फतेहपुर एवं रामपुर जैसे अहम जिलों के जिलाधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दीं. वर्ष 2021 में पदोन्नति के बाद वह मुरादाबाद के मंडलायुक्त बने थे.