जिसे निभाने थे 7 जन्म के रिश्ते, दहेज के लिए उसी ने ले ली पत्नी की जान; हैवान पति की तलाश में पुलिस

उत्तर प्रदेश के चंदौली में एक दिल दहलाने वाली दहेज हत्या का मामला सामने आया है. अंकिता नामक महिला की कथित तौर पर दहेज के लिए उसके पति और ससुराल वालों ने हत्या कर दी. आरोपियों ने शव को सूटकेस में भरकर गंगा नदी में फेंक दिया. पुलिस ने शव बरामद कर लिया है और हत्यारोपी पति की तलाश में जुटी है.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के चंदौली में एक दिल दहलाने वाली वारदात हुई है. यहां दहेज के लिए एक महिला की हत्या कर दी गई. बाद में शव को सूटकेश में भरकर गंगा नदी में फेंक दिया गया. हालांकि सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने महिला का शव नदी में से बरामद कर लिया है. इसी क्रम में महिला के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति एवं अन्य ससुरालियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है.
उत्तर प्रदेश में ही गाजीपुर के रहने वाले महिला के परिजनों ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि उसकी बेटी अंकिता की शादी साल 2022 में चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के डवरिया गांव में रहने वाले राजेंद्र शर्मा के साथ हुई थी. आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था. हालात खराब होने पर कई बार समझौता कराने और ससुरालियों की डिमांड पूरी करने की भी कोशिश हुई.
लगातार बढ़ती गई मांगे
महिला के परिजनों के मुताबिक कई बार मांगें पूरी करने के बावजूद ससुरालियों द्वारा उत्पीड़न कम नहीं हुआ और 23 मार्च 2026 को उनकी बेटी की हत्या कर दी. घटना को छिपाने के लिए आरोपियों ने शव को जूट के बोरे में भरकर गंगा नदी में बहा दिया. हालांकि पुलिस ने मामले की छानबीन के दौरान गंगा नदी में से शव बरामद कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
परिजनों को बताया बुखार से हुई मौत
परिजनों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि उन्हें अंकिता की मौत की सूचना काफी देर से दी गई. मौत का कारण भी टायफाइड बुखार बताया गया. जबकि एक दिन पहले की रात करीब 10 बजे तक उनकी बेटी बिल्कुल ठीक थी. इसी बात से परिजनों को शक हुआ और पुलिस को सूचना दी. अब पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.

Follow Us