कृष्ण की हुई अंशिका… UP के 2 सुपरकॉप की सगाई, आज होगी हल्दी-मेंहदी; ये रहा शादी का पूरा शेड्यूल
उत्तर प्रदेश के दो चर्चित IPS अधिकारी, कृष्ण कुमार बिश्नोई और अंशिका वर्मा, सगाई के बंधन में बंध गए हैं. गोरखपुर में शुरू हुई उनकी तीन साल की प्रेम कहानी अब शादी में बदलने जा रही है. आज हल्दी-मेहंदी के बाद, राजस्थान में शाही अंदाज में 27 से 30 मार्च तक विवाह समारोह और ग्रैंड रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा.
उत्तर प्रदेश दो बहुचर्चित IPS अधिकारियों की गुरुवार को सगाई हो गई. आज इनकी हल्दी-मेंहदी का कार्यक्रम है. सगाई के लिए यूपी के संभल में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया था. इसमें दोनों आईपीएस अधिकारी अपने परिजनों और मित्र-रिश्तेदारों के साथ शामिल हुए थे. इस दौरान 2018 बैच के आईपीएस और संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने 2021 बैच की आईपीएस और बरेली की एडिशनल एसपी अंशिका वर्मा को अंगूठी पहनाई. अंशिका ने भी कृष्ण कुमार बिश्नोई को अंगूठी पहना कर उन्हें अपना वर स्वीकार किया.
रात में करीब साढ़े नौ बजे से शुरू हुआ सगाई कार्यक्रम बेहद निजी और गरिमामय रहा. सगाई की रस्में देर रात 11 बजे तक चलीं. इसके बाद डिनर हुआ और सभी लोग अपने घर लौट गए. कार्यक्रम में संभल के डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया के अलावा प्रदेश भर से तमाम पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंचे थे. दोनों अधिकारियों ने एक साथ मेहमानों का स्वागत किया.
अंजाम तक पहुंची 3 साल की प्रेम कहानी
दोनों आईपीएस अधिकारियों की प्रेम कहानी आखिरकार तीन साल बाद अपने अंजाम तक पहुंचने जा रही है. इन दोनों की प्रेम कहानी साल 2023 में गोरखपुर पोस्टिंग के दौरान शुरू हुई थी. उस समय कृष्ण कुमार बिश्नोई की पोस्टिंग गोरखपुर में बतौर एसपी सिटी थी, वहीं अंशिका वर्मा अपनी ट्रेनिंग (अंडर ट्रेनिंग आईपीएस) में थी. ड्यूटी के दौरान ही दोनों की मुलाकातें हुई, बातें हुई और प्यार हुआ. अब यह प्रेमी जोड़ा शादी के पवित्र बंधन में बंधने जा रहा है.
ये है शादी का पूरा कार्यक्रम
यूपी में सगाई करने के बाद दोनों अधिकारी शादी के लिए अपने अपने परिवार के साथ राजस्थान के लिए रवाना हो गए हैं. इनकी शादी 27 मार्च को रेतीले धोरों और शाही रिजॉर्ट्स में संपन्न होंगी. इसके लिए आज बाड़मेर के धोरीमन्ना में हल्दी और संगीत का कार्यक्रम आयोजित किया गया है. वहीं 28 मार्च को बारात निकलेगी. उसी दिन बाकी रस्में भी होंगी. फिर 29 मार्च को मुख्य विवाह समारोह (फेरे) का आयोजन होगा. इसके बाद 30 मार्च को जोधपुर के प्रसिद्ध लारिया रिजॉर्ट में ग्रैंड रिसेप्शन का आयोजन किया गया है.
