‘मेरे फ्लैट की किस्त देते रहना…’ फंदे से लटका मिला इंजीनियर का शव, पास में पड़ा था दोस्त के नाम भावुक पत्र

नोएडा में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर अनुराग निरंजन ने फंदा लगाकर जान दे दी. शव के पास मिले सुसाइड नोट में उन्होंने दोस्त से अपने फ्लैट की किस्तें जारी रखने की भावुक अपील की है. यह घटना सेक्टर 78 की एक सोसाइटी में हुई, जहां अनुराग अपनी पत्नी-बेटे के साथ रहते थे. यह मामला वित्तीय दबाव और मानसिक स्वास्थ्य के गंभीर मुद्दों की ओर इशारा करता है.

सांकेतिक तस्वीर

राष्ट्रीय राजधानी से सटे नोएडा में एक साफ्टवेयर इंजीनियर ने फंदा लगाकर जान दे दी है. शव के पास ही युवक का सुसाइड नोट भी मिला है. अपने दोस्त को संबोधित इस सुसाइड नोट में इंजीनियर ने अपने फ्लैट की किस्तें देते रहने की भावुक अपील की है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामला नोएडा के सेक्टर 78 स्थित एक सोसायटी का है.

घटना की खबर मिलते ही सोसायटी के आसपास सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान जालौन में किशनपुरा के रहने वाले अनुराग निरंजन के रूप में हुई है. नोएडा पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद बताया कि अनुराग अपनी पत्नी और बेटे के साथ यहां सेक्टर 78 स्थित अंतरिक्ष गोल्फ व्यू सोसाइटी में रहते थे. वह रेलवे में अर्द्धसरकरी कंपनी में नौकरी करते थे. गुरुवार की सुबह उनकी पत्नी और बेटा किसी काम से बाहर गए थे, इसी दौरान अनुराग ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या ली.

परिवार के लौटने पर खुलासा

पुलिस के मुताबिक अनुराग का परिवार वापस लौटा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला. पत्नी-बेटे ने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. फिर पत्नी ने मेंटिनेंस को सूचित किया. इसके बाद पहुंची मेंटिनेंस की टीम ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो अनुराग का शव पंखे पर लटका मिला. यह देख अनुराग की पत्नी बेहोश हो गई. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.

सुसाइड नोट में दोस्त से अपील

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया. इस दौरान शव के पास से ही पुलिस ने एक सुसाइड नोट बरामद किया है. यह सुसाइड नोट अनुराग ने अपने दोस्त के नाम लिखा था. इसमें उसने अपने परिवार और दोस्तों का जिक्र करते हुए माफी मांगी है. वहीं मरने के बाद भी फ्लैट की किस्तें जमा करते रहने की अपील की है. लिखा है कि अगर किस्तें जमा नहीं होगी तो उनके परिवार को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा.

Follow Us