चित्रकूट मंडी घोटाले में बड़ा एक्शन, पूर्व उपनिदेशक और सहायक लेखाधिकारी गिरफ्तार

चित्रकूट में 8 करोड़ के मण्डी निर्माण घोटाले में बड़ी कार्रवाई हुई है. EOW ने तत्कालीन उपनिदेशक और सहायक लेखाधिकारी को गिरफ्तार किया है. इन पर निर्माण कार्य में सरकारी धन के गबन का आरोप है. ये दोनों आरोपी पूर्व अधिकारी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहे थे.

EOW ने तत्कालीन उपनिदेशक, लेखाधिकारी को दबोचा

उत्तर प्रदेश के आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (EOW) ने चित्रकूट के कर्वी स्थित विशिष्ट मंडी निर्माण घोटाला मामले में बड़ी कार्रवाई की है. मुख्य आरोपी तत्कालीन उपनिदेशक और सहायक लेखाधिकारी को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे. EOW की टीम ने सोमवार को आरोपी दोनों पूर्व अधिकारी को गिरफ्तार किया है.

ईओडब्ल्यू के अनुसार, साल 2014 में कर्वी स्थित विशिष्ट मंडी के निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया के जरिए कार्यदायी संस्था का चयन किया गया था. जांच में सामने आया कि निर्माण कार्य के दौरान तत्कालीन अधिकारियों ने कार्यदायी संस्था ग्लेयर इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड, गाजियाबाद के अधिकारियों से मिलीभगत कर ओवर मेजरमेंट से 8 करोड़ की हेराफेरी की.

गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों थे फरार

आरोप है कि बिना वास्तविक सत्यापन और वित्तीय परीक्षण के निर्माण कार्य का अधिक माप (ओवर मेजरमेंट) दिखाया गया. इसके आधार पर गलत तरीके से करीब 8 करोड़ रुपये से अधिक का अतिरिक्त भुगतान कराया गया, जिससे सरकार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ. इस मामले में 2019 में चित्रकूट कोतवाली नगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था.

भ्रष्टाचार का मामला होने पर बाद में 22 जून 2021 में शासन के आदेश पर इसकी जांच ईओडब्ल्यू को सौंपी गई थी. जांच के दौरान दस्तावेजी साक्ष्य, तकनीकी परीक्षण और अन्य प्रमाणों के आधार पर दोनों आरोपियों की भूमिका सामने आई. लेकिन गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों लगातार फरार थे, लेकिन खुफिया सूचना के आधार पर उन्हें पकड़ा गया.

गिरफ्तार आरोपियों में ये इनका शामिल

गिरफ्तार आरोपियों में अशोक कुमार, तत्कालीन उपनिदेशक (निर्माण), राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद, बांदा और सतीश कुमार यादव, तत्कालीन सहायक लेखाधिकारी, राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद, बांदा शामिल हैं. ईओडब्ल्यू का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य जिम्मेदार लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है.

Follow Us