Lucknow Acid Attack: चिनहट में सोलर कारोबारी पर जानलेवा हमला, दुकान में घुसकर फेंका तेजाब
लखनऊ के चिनहट में सोलर व्यापारी पर दुकान में घुसकर अज्ञात हमलावरों ने तेजाब से हमला किया है. यह वारदात CCTV में कैद हो गई, जिसमें दो हमलावर नजर आ रहे हैं इस घटना के बाद से इलाके में और खासकर कारोबारियों में हड़कंप मचा है. पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर जांच शुरू कर दी है.
लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक सोलर कारोबारी पर अज्ञात बदमाशों ने दुकान में घुसकर केमिकल (तेजाब) फेंक दिया. इस हमले में कारोबारी और उसके कुछ सहयोगी आंशिक रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, एल्डिको चौराहे के पास स्थित ‘मेधा सोलर’ दुकान पर दोपहर करीब 3 बजे कारोबारी ऋषभ सिंह अपने तीन साथियों के साथ मौजूद थे. इसी दौरान एक अज्ञात युवक दुकान में घुसा और उन पर केमिकल फेंककर मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.
मामूली रूप से घायल, सभी की हालत स्थिर
पुलिस ने घटना में घायल को मल्हौर रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के उपरांत उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान रेफर किया गया. वर्तमान में उनका उपचार चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है. इंचार्ज चिकित्सक के मुताबिक, पीड़ित केमिकल से आंशिक रूप से घायल हुए हैं, सभी की हालत फिलहाल स्थिर है.
सूचना मिलने पर सहायक पुलिस आयुक्त (विभूतिखंड) भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने अस्पताल जाकर भी घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों से उपचार की जानकारी ली. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्य खंगाले जा रहे है, ताकि हमलावर की पहचान की जा सके.
गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित
पीड़ित की तहरीर के आधार पर चिनहट थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें जुटी हैं. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
