इस स्कूल में पढ़ाई नहीं, मैडम की जुएं निकालने और मालिश करने आती हैं छात्राएं; वायरल वीडियो पर एक्शन
उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में एक प्राथमिक स्कूल की हेड टीचर को छात्राओं से जुएं निकलवाने और मालिश करवाने के आरोप में निलंबित किया गया है. वायरल वीडियो में हेड टीचर मोबाइल देखते हुए लेटी हैं, जबकि छात्राएं उनकी सेवा कर रही हैं. ग्रामीणों की शिकायतों और पुख्ता वीडियो प्रमाण मिलने के बाद BSA चित्रकूट ने तत्काल कार्रवाई की है.
उत्तर प्रदेश में चित्रकूट के एक प्राथमिक स्कूल का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि इस स्कूल की हेड टीचर पढ़ाने के बजाय छात्राओं से जुएं निकलवाती हैं और मालिश कराती है. इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. इसमें हेड टीचर क्लास रूम में ही पेट के बल लेटे हुए मोबाइल देख रही हैं, वहीं कुछ छात्राएं उनकी सेवा में लगी है. वायरल वीडियो पर संज्ञान लेकर BSA चित्रकूट ने उन्हें सस्पेंड कर दिया है.
सोशल मीडिया में वायरल हो रहा यह वीडियो प्राथमिक विद्यालय नया बाजार कर्वी भाग-1 नगर क्षेत्र कर्वी, चित्रकूट का है. जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बीके शर्मा के मुताबिक इस स्कूल में तैनात हेड टीचर मधु राय द्वारा छात्राओं से पैर दबवाने और बाल कढ़वाने का मामला संज्ञान में आया है. इस संबंध में खण्ड शिक्षा अधिकारी नगर क्षेत्र कर्वी को जांच सौंपी गई थी, वहीं अब जांच रिपोर्ट आने के बाद हेड टीचर को सस्पेंड किया गया है.
काफी समय से आ रही थी शिकायतें
बताया जा रहा है कि चित्रकूट के इस स्कूल में हेड टीचर ने इस तरह से मनमानी कोई पहली बार नहीं की है. बल्कि आए दिन स्कूल में वह बच्चों को काम पर लगा देती हैं. इस संबंध में पहले भी कई बार शिकायतें मिली. ग्रामीणों ने बेसिक शिक्षा अधिकारी के दफ्तर में शिकायतें भी की, लेकिन पुख्ता प्रमाण नहीं होने की वजह से कोई एक्शन नहीं हुआ. इधर, धीरे धीरे स्कूल में पढ़ाई का माहौल खराब होता चला गया.
वीडियो ने खोल दिया पोल
इन शिकायतों को देखते हुए ग्रामीणों ने खुद प्रमाण जुटाने की योजना बनाई और दो दिन पहले जब हेड टीचर ने बच्चों को काम पर लगाया तो वीडियो बना लिया. इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया में डाल दिया. इस वीडियो में हेड टीचर औंधे मुंह जमीन पर लेटी हैं. वहीं कुछ छात्राएं उनकी जुएं निकाल रहीं हैं तो कुछ उनकी मालिश कर रही हैं. जबकि खुद हेड टीचर मोबाइल पर रील्स देखने में बिजी हैं.
एक्शन पर टीचर की सफाई
खण्ड शिक्षा अधिकारी ने शुक्रवार को स्कूल में जांच पड़ताल की. इस दौरान मधु राय मेडिकल लीव पर थी. ऐसे में खण्ड शिक्षा अधिकारी ने सहायक अध्यापक भरत कुमार पाण्डेय और शिक्षा मित्र कल्पना देवी का बयान दर्ज किया और फोन पर मधु राय से बात की. इसके बाद मधु राय ने वाट्सऐप पर पत्र भेजकर अपनी सफाई दी है. उन्होंने बच्चों से काम लेने के आरोप को खारिज किया है.
