बुरा ना मानो होली है कहा और साली पर डाल दिया पेंट, हुआ बवाल तो पहुंची पुलिस; मुश्किल में फंसे जीजा

ग्रेटर नोएडा में होली के दिन 'बुरा ना मानो होली है' कहकर साली पर पेंट डालना जीजा को भारी पड़ गया. आरोप है कि पेंट में थिनर मिला होने से साली का चेहरा खराब हो गया. आक्रोशित साली ने पुलिस बुलाई और जीजा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. मामला अब कासना कोतवाली पुलिस के पास है.

होली

राष्ट्रीय राजधानी से सटे ग्रेटर नोएडा के कासना कोतवाली क्षेत्र में होली के दिन एक जीजा को साली से मजाक भारी पड़ गया. जीजा ने ‘बुरा ना मानो होली है’ कहते हुए अपनी साली के ऊपर पेंट डाल दिया. आरोप है कि पेट चेहरे पर पड़ने से युवती का चेहरा खराब हो गया. इस बात पर साली इस कदर नाराज हो गई कि मामला पुलिस तक पहुंच गया. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

मामला ग्रेटर नोएडा के म्यु सेक्टर का है. यहां रहने वाली एक युवती अपनी मौसी के कासना गांव स्थित घर पर होली खेलने आई थी. यहीं पास में ही इस युवती का जीजा भी रहता है. पुलिस के मुताबिक होली के दिन सभी लोग होली खेल रहे थे, इसी दौरान युवती के जीजा ने उसके ऊपर पेंट उड़ेल दिया. संभवत: पेंट में थिनर या कोई ज्वलनशील पदार्थ मिला हुआ था. इससे युवती का चेहरा खराब हो गया.

ऐसे बिगड़ा मामला

आरोप है कि युवती ने इसका कड़ा विरोध किया और जीजा पर इलाज कराने का दबाव बनाया, लेकिन जीजा ने मना कर दिया. देखते ही देखते यह बवाल इतना बढ़ गया कि युवती ने पहले यूपी 112 पर कॉल कर पुलिस बुला लिया, फिर खुद थाने पहुंचकर अपने जीजा के खिलाफ लिखित शिकायत दे दी. कासना कोतवाल धर्मेंद्र शुक्ला के मुताबिक तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है.

समझौते का प्रयास शुरू

पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर बातचीत की है. इस दौरान मामले को आपसी समझ से सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है. हालांकि युवती इलाज करने की जिद पर अड़ी हुई है. कोतवाल के मुताबिक यदि आपसी सहमति बनती है तो ठीक, अन्यथा तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उधर, युवती के परिजनों का कहना है कि युवक ने जानबूझकर चेहरे पर पेंट डाला है. इसकी वजह से उनकी बेटी का चेहरा लाल पड़ गया है.