UP Police Exam: CM योगी का बड़ा फैसला, अभ्यर्थियों को बस किराए में 50% की मिलेगी छूट

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने UP पुलिस भर्ती परीक्षा के संबंध में उम्मीदवारों के हित में एक बड़ा फैसला लिया है. भर्ती परीक्षा के लिए यात्रा करने वाले उम्मीदवारों को बस किराए में 50% की छूट मिलेगी. अभ्यर्थियों अपना एडमिट कार्ड दिखाकर बस किराए में 50% की छूट प्राप्त कर सकते हैं.

सीएम योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो) Image Credit:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है. मुख्यमंत्री के निर्देश पर परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को राज्य परिवहन निगम (UPSRTC) की बसों में यात्रा के दौरान किराए में 50 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और सुविधाजनक भर्ती प्रक्रिया उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. भर्ती परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के विभिन्न जनपदों में आवागमन को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, जिससे उन्हें आर्थिक राहत मिल सके और परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो.

यह व्यवस्था परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों के लिए रहेगी

यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा 08, 09 एवं 10 जून को प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है. इसके लिए सभी 75 जिलों में करीब 1100 से ज्यादा परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इस परीक्षा में लगभग 29 लाख अभ्यर्थियों के सम्मिलित होने की संभावना है. अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र दिखाकर सरकारी बसों में 50% रियायती किराए का लाभ प्राप्त कर सकते हैं.

यह व्यवस्था परीक्षा अवधि के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए लागू रहेगी. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि अभ्यर्थियों को सुरक्षित, सुगम और अनुकूल वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिल सके.

पूर्वोत्तर रेलवे ने परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का किया संचालन

इसके अलावा, पूर्वोत्तर रेलवे ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए गोरखपुर-लखनऊ के बीच विशेष ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है. दो स्पेशल ट्रेनें गाड़ी संख्या 05031/05032 और 05005/05006 परीक्षा के दिन 8, 9 और 10 जून को अप एंड डाउन ट्रिप मारेगी. इन ट्रेनों में 10 सामान्य द्वितीय श्रेणी और दो SLR/D कोट समेत कुल 12 डिब्बे लगाए गए हैं.

गाड़ी संख्या 05031 गोरखपुर से 19ः00 बजे प्रस्थान कर लखनऊ जं. 00ः55 बजे पहुंचेगी. वापसी में गाड़ी सं. 05032 लखनऊ जं. से 18ः15 बजे प्रस्थान कर गोरखपुर 23ः55 बजे पहुंचेगी. गाड़ी संख्या 05005 गोरखपुर से 13ः30 बजे प्रस्थान कर लखनऊ जं. 18ः15 बजे पहुंचेगी. वापसी में यह 05006 लखनऊ जं. से 13ः30 बजे प्रस्थान कर गोरखपुर 18ः50 बजे पहुंचेगी.

Follow Us