यूपी के देवरिया में 16 डॉक्टरों ने एक साथ दे दिया इस्तीफा, जानें क्या है असल वजह
देवरिया में 16 अधीक्षकों और प्रभारी चिकित्साधिकारियों ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया है. सभी ने देवरिया सीएमओ पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है. यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब जिले में पहले से ही डॉक्टरों की भारी कमी है. इस सामूहिक इस्तीफे के बाद से विभाग में हड़कंप मच गया है.
देवरिया में 16 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) के अधीक्षकों और प्रभारियों ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया है. शनिवार की देर शाम सभी ने सामूहिक इस्तीफा सीएमओ को सौंप दिया. साथ ही सीएमओ पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं. जिले में सामूहिक इस्तीफे के इस घटना के बाद से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है.
इस घटना को शनिवार को हुए सात अधीक्षकों और प्रभारियों के तबादले से भी जोड़कर देखा जा रहा है. त्यागपत्र में कहा है कि सीएमओ द्वारा किए जा रहे मानसिक उत्पीड़न से वे काफी क्षुब्ध और परेशान हैं. जिले में डॉक्टरों की संख्या आधे से कम होने के बावजूद वे पूरी निष्ठा से काम करे रहे हैं, लेकिन उन्हें सीएमओ की ओर से मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है.
CMO के प्रताड़ना से परेशान होकर दिया इस्तीफा
यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब जिले में पहले से ही डॉक्टरों की भारी कमी है. देवरिया जिले में डॉक्टरों के कुल 215 स्वीकृत पद के सापेक्ष 103 डॉक्टर ही कार्यरत हैं. इनका कहना है कि वह सभी इमरजेंसी सेवाएं, पोस्टमार्टम, ओपीडी, आईपीडी पूरी सफलता के साथ संचालित करते हैं, लेकिन अब परेशान होकर इस्तीफा देना पड़ा रहा है.
हालांकि, इन 16 अधीक्षकों और प्रभारी चिकित्साधिकारियों ने केवल अपने पद से इस्तीफा दिया है, चिकित्सकीय कार्य से नहीं. वह मरीजों का इलाज करना पहले की भांति जारी रखेंगे. उधर देवरिया के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. अनिल कुमार गुप्ता का कहना है कि अधीक्षकों और प्रभारियों का तबादला शासन के आदेश से हुआ था, लगाए गए आरोप गलत हैं.
प्रताड़ना का आरोप सरासर गलत- CMO की सफाई
CMO डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रताड़ना का आरोप सरासर गलत है. शासन द्वारा 19 मई को आए पत्र पर ही अधीक्षकों और प्रभारियों का बादला किया गया था. पत्र में तीन साल से एक जगह पर तैनात अधीक्षक, प्रभारियों का जिले के अंदर ही तबादला करने का निर्देश था. इसके बाद सभी ने अपने पद से इस्तीफा दिया है.