बरेली में पत्नी ने प्रेमिका संग पति को पकड़ा, कार की बोनट पर लटककर किया हंगामा; FIR

बरेली में पति-पत्नी और प्रेमिका के बीच विवाद का एक हैरान कर देने वाला वीडियो वायरल हुआ है. पत्नी ने अपने पति को प्रेमिका संग कार में देख लिया, जिसके बाद वह गुस्से में कार के बोनट पर लटक गई. पति ने कार नहीं रोकी, पर राहगीरों ने पीछा कर रोका. पुलिस ने पति के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है.

पत्नी ने प्रेमिका संग पति को पकड़ा, कार बोनट पर लटककर किया हंगामा Image Credit:

बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र में पति-पत्नी और प्रेमिका के बीच हुआ विवाद अब चर्चा का विषय बन गया. घटना का एक सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक महिला कार की बोनट पर लटकी दिखाई दे रही है, जबकि कार सड़क पर दौड़ती जा रही है. पुलिस ने अब इस मामले में FIR दर्ज कर ली है.

बताया जा रहा है कि बोनट पर लटकी महिला गुलाबो है और कार चला रहा व्यक्ति उसका पति नेत्रपाल था. गुलाबो अपने बच्चे के साथ देवचरा चौराहे पर खड़ी थी. उसी दौरान शाम करीब सात बजे उसका पति नेत्रपाल कार से वहां पहुंचा. आरोप है कि कार में उसके साथ एक महिला भी बैठी हुई थी, जो कि उसकी प्रेमिका थी. इस मामले का पूरा जड़ यही हैं.

कार रोकने के लिए बोनट पर चढ़ी, लेकिन पति ने…

बताया जा रहा है कि पत्नी ने जैसे ही अपने पति को दूसरी महिला के साथ देखा तो वह गुस्से में आ गई और कार रुकवाने के लिए शोर मचाने लगी. लेकिन पति ने कार नहीं रोकी और आगे बढ़ गया. इसके बाद गुलाबो कार के पीछे दौड़ने लगी. आसपास मौजूद लोगों की नजर भी इस पूरे घटनाक्रम पर पड़ गई. लोग समझ नहीं पा रहे थे कि आखिर मामला क्या है.

लेकिन महिला लगातार कार को रोकने की कोशिश कर रही थी. फूलमंडी के पास सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर के कारण कार की रफ्तार धीमी हुई. इसी दौरान गुलाबो ने हिम्मत दिखाते हुए कार के बोनट पर चढ़कर खुद को सामने कर लिया ताकि कार रुक जाए. लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद कार को आगे बढ़ा दिया, और महिला बोनट पर लटकी रही…

राहगिरों ने कार का पीछा कर रोका, की पिटाई

कार की बोनट पर महिला को लटका देख सड़क पर मौजूद लोग हैरान रह गए. कई लोगों ने तुरंत बाइक से कार का पीछा शुरू कर दिया. करीब 200 मीटर आगे देवचरा-बल्लिया रोड पर लोगों ने कार को रुकवा लिया. कार रुकते ही भीड़ ने नेत्रपाल को बाहर निकाल लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी.

इस दौरान मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. इसी बीच नेत्रपाल और उसके साथ मौजूद महिला वहां से निकल गए. इस पूरी घटना का वीडियो आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गया. इसके बाद महिला ने पूरे मामले की शिकायत भमोरा थाना पुलिस से की. जिसके बाद पुलिस ने पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है.

पति के खिलाफ FIR, मामले की जांच में जुटी पुलिस

एसपी अंशिका वर्मा का कहना है कि एक महिला का कार के बोनट पर लटकी जाती हुई का वीडियो सामने आया. महिला का नाम गुलाबो है. महिला की शिकायत पर उसके पति नेत्रपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. साथ ही वायरल सीसीटीवी फुटेज की जांच और आसपास के लोगों से पूछताछ करने में जुटी है.

Follow Us