यूपी में ‘एल नीनो’ का असर, बांदा में 42 डिग्री के पार पहुंचा तापमान, IMD ने लोगों से की ये अपील

आज यानी 16 अप्रैल को भी राज्य के ज्यादातर जिलों में तेज धूप, लू और तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज किए जाने की आशंका है. इस बीच बांदा में अधिकतम तापमान 42 डिग्री के पार चला गया है. इस बीच प्रदेश में लू की स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है, ताकि लू और गर्मी से संबंधित बीमारियों से बचा जा सके.

यूपी में बढ़ी गर्मी

उत्तर प्रदेश में इस बार अप्रैल के महीने में ही जून जैसी गर्मी पड़ रही है. बीते दो दिनों से प्रदेश में लू जैसी स्थिति देखी गई. इस दौरान तापमान नें भी इजाफा देखा गया है. बांदा में अधिकतम तापमान तो 42 डिग्री के पार चला गया. मौसम विभाग के मुताबिक इस साल ‘ला नीना’ कमजोर पड़ रहा है जबकि ‘एल नीनो’ मजबूत हो रहा है, जिससे बारिश सामान्य से कम हो सकती है.

आज यानी 16 अप्रैल को भी राज्य के ज्यादातर जिलों में तेज धूप, लू और तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज किए जाने की आशंका है. मौसम विभाग ने गोरखपुर, देवरिया, वाराणसी, आजमगढ़, गाजीपुर, बलिया, जौनपुर, बस्ती, मिर्जापुर, लखनऊ, कानपुर, झांसी, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, रामपुर, अमरोहा, बरेली और हापुड़ जैसे जिलों के लिए लू का अलर्ट जारी किया है.

4 दिनों में 10 डिग्री तापमान की बढ़ोतरी

बीते 4 दिनों में प्रदेश के तापमान में तकरीबन 10 डिग्री तक बढ़ोतरी हो गई है. आगे तापमान में और भी इजाफा होगा. मौसम विभाग के अनुसार अगले 4-5 दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि हो सकती है. इसकी वजह कर्नाटक और महाराष्ट्र के ऊपर बना एंटी-साइक्लोन है, जो अब मध्य भारत की ओर बढ़ रहा है. इसके चलते यूपी में गर्म पछुआ हवाओं का प्रभाव और बढ़ेगा.

मौसम विभाग ने लोगों से की ये अपील

प्रदेश में लू की स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है, ताकि लू और गर्मी से संबंधित बीमारियों से बचा जा सके.मौसम विभाग ने अगले 72 घंटों में और तेज हीट वेव चलने की आशंका जताई है. ऐसे में लू से परेशान मरीजों की संख्या अस्पतालों में बढ़ सकती है.

बांदा रहा सबसे गर्म जिला

पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे गर्म जिला बांदा रहा. यहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. फिर, झांसी में 40.5, प्रयागराज में 40.4, वाराणसी में 40.1 और सुल्तानपुर में 40 डिग्री अधिकतम तापमान पाया गया. वहीं, 14.8 डिग्री के साथ सबसे कम तापमान नजीबाबाद में रिकॉर्ड किया गया. फिर, मुजफ्फरनगर में 17, मेरठ में 17.9 और अयोध्या में 18.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया.

Follow Us